
कलेक्टर मऊगंज ने आमजनता के आवेदनों में की कार्यवाही
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज :. कलेक्ट्रेट सभागार मऊगंज में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन ने आमजनता के आवेदनों में सुनवाई की। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी तत्परता और संवेदनशीलता से जनसुनवाई के आवेदन पत्रों का निराकरण करें। आवेदक को भी आवेदन पत्र में की गई कार्यवाही से अवगत कराएं। जनसुनवाई में जगमोहन पटेल निवासी ग्राम पटेहरी ने समर्थन मूल्य पर उपार्जित धान की 537244 की शेष राशि का भुगतान कराने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने सहायक आपूर्ति अधिकारी को तत्काल भुगतान कराने के निर्देश दिए। महादेव बढ़ई निवासी ग्राम जोधपुर ने जमीन के सीमांकन के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने तहसीलदार नईगढ़ी को सात दिवस में सीमांकन कराने के निर्देश दिए। सरस्वती गुप्ता निवासी नईगढ़ी ने उनके पट्टे और कब्जे की जमीन में किए जा रहे अवैध निर्माण कार्य को रोकने तथा अवैध कब्जा हटाने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने तहसीलदार नईगढ़ी को मौके पर जाकर कार्यवाही के निर्देश दिए। दिनेश द्विवेदी निवासी ग्राम जमुहरा ने नक्शा तरमीम के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने नायब तहसीलदार नईगढ़ी को आवेदन में कार्यवाही के निर्देश दिए। जनसुनवाई में रघुनंदन आदिवासी निवासी नईगढ़ी ने वार्ड क्रमांक आठ में बंद किए गए आम रास्ते को खुलवाने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने सीएमओ नईगढ़ी को मौके पर जाकर आम रास्ता बहाल कराने के निर्देश दिए। पन्नालाल प्रजापति निवासी ग्राम शिवराजपुर ने जमीन के सीमांकन के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने नायब तहसीलदार नईगढ़ी को मौके पर जाकर कार्यवाही के निर्देश दिए। हरेन्द्र कुशवाहा निवासी ग्राम पटेहरा ने शासकीय भूमि में अवैध निर्माण रोकने तथा आम रास्ते से कब्जा हटाने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने नायब तहसीलदार पहाड़ी को मौके पर जाकर कार्यवाही के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

