
विश्व रेडक्रॉस दिवस पर उत्कृष्ट सेवा कार्यों हेतु रीवा के समाजसेवियों का राज्यपाल श्री पटेल ने किया सम्मान
लायंस नेत्र चिकित्सालय रीवा के अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी को किया सम्मानित
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी मध्यप्रदेश राज्य शाखा भोपाल द्वारा विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर विज्ञान भवन भोपाल में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रदेश में उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले समाजसेवियों एवं चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रेडक्रॉस रीवा के चेयरमैन एवं लायंस नेत्र चिकित्सालय रीवा के अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी, लायंस नेत्र चिकित्सालय के उपाध्यक्ष श्री अतुल जैन तथा वरिष्ठ चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. के.के. परौहा को विभिन्न सेवा क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्यपाल एवं अध्यक्ष भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी मध्यप्रदेश श्री मंगूभाई पटेल द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी मध्यप्रदेश राज्य शाखा के चेयरमैन डॉ. श्याम सिंह कुमरे (सेवानिवृत्त आईएएस) एवं जनरल सेक्रेटरी श्री रामेंद्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि विश्व रेडक्रॉस दिवस प्रतिवर्ष 8 मई को रेडक्रॉस के संस्थापक सर हेनरी ड्यूनेंट के जन्मदिवस के अवसर पर मनाया जाता है। सर हेनरी ड्यूनेंट को मानव सेवा के अद्वितीय कार्यों के लिए विश्व के सर्वोच्च नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। विश्वभर में 2 मई से 7 मई तक विविध सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाता है तथा 8 मई को उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाता है।
रीवा से सम्मानित हुए डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी, डॉ. के.के. परौहा एवं श्री अतुल जैन को रेडक्रॉस रीवा, लायंस नेत्र चिकित्सालय रीवा एवं उमा परौहा स्मृति सेवा संस्थान रीवा के माध्यम से स्वास्थ्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने डॉ चतुर्वेदी, सांसद रीवा श्री जनार्दन मिश्र, भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी रीवा, लायंस नेत्र चिकित्सालय रीवा, लायंस क्लब इंटरनेशनल रीवा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों ने सम्मानित समाजसेवियों को बधाई दी है।


