
राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण
रिपोर्ट:विशाल समाचार
स्थान :सीतामढ़ी बिहार
राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर शनिवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी द्वारा न्यायालय परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था एवं आमजन की सुविधाओं का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने न्यायालय परिसर के प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सहायता काउंटर तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान लोक अदालत में आने वाले पक्षकारों, अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल को निर्देशित किया गया कि यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखें तथा सुरक्षा जांच में सतर्कता बरती जाए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।


