प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

मनगवां में 20 मई को रोजगार मेला, दिग्गज कंपनियों में युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर

मनगवां में 20 मई को रोजगार मेला, दिग्गज कंपनियों में युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:रीवा मध्य प्रदेश 

रीवा . मध्यप्रदेश शासन के तकनीकी शिक्षा कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन आगामी 20 मई को युवाओं के लिए एक युवा संगम यानी रोजगार, स्वरोजगार एवं और अप्रेंटिसशिप मेला आयोजित करने जा रहा है। मनगवां बस्ती, इलाहाबाद रोड पर स्थित श्री कृष्णा फार्मेसी कॉलेज में इस एक दिवसीय मेले का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इस संबंध में उप संचालक रोजगार अनिल दुबे ने बताया कि मेले में शामिल होने के लिए रीवा जिले के इच्छुक आवेदक 20 मई को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

 

उप संचालक ने बताया कि रोजगार मेले में देश के विभिन्न राज्यों से कुल 20 बड़ी कंपनियाँ और नियोजक हिस्सा ले रहे हैं। इनमें टाटा मोटर्स गुजरात, टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक गुजरात, जेबिल सर्किट रंजनगांव, फोर्स मोटर्स, टीवीएस इलेक्ट्रॉनिक्स बेंगलुरु, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, अमेज़न वेयरहाउस पुणे और डिक्सन टेक्नोलॉजीज जैसी कई अन्य नामी कंपनियाँ शामिल हैं। इसके अलावा एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस और रीवा की स्थानीय कंपनियाँ जैसे प्रभा बायोप्लांट्स और प्रगतिशील बायोटेक भी युवाओं को नौकरी के अवसर प्रदान करेंगी। मेले में चयनित होने वाले उम्मीदवारों को उनकी योग्यता और पद के आधार पर 7 हजार रुपये से लेकर 35 हजार रुपये तक का मासिक वेतन व भत्ते दिए जाएंगे।

 

मेले में भाग लेने के लिए 8वीं, 10वीं, 12वीं पास अभ्यर्थियों के साथ-साथ स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई के सभी ट्रेड में उत्तीर्ण छात्र और डिप्लोमाधारी युवा आवेदन कर सकते हैं। आवेदकों की आयु सीमा 18 से 28 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ मूल अंकसूची की छायाप्रति, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड या वोटर आईडी, समग्र आईडी, रोजगार कार्यालय का जीवित पंजीयन और दो नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो लेकर अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा। उप संचालक ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button