
इटावा जनपद की रैंकिंग 32वें स्थान से गिरकर 65वें स्थान पर पहुंच गई है, जो चिंता का विषय है।
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा -जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने एवं रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि जनपद की रैंकिंग 32वें स्थान से गिरकर 65वें स्थान पर पहुंच गई है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने विशेष रूप से मंडी, नगर विकास एवं खनिज विभाग की स्थिति को अत्यंत खराब बताते हुए नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यों की गंभीरता से समीक्षा करें और जहां अंक कम हैं, वहां तत्काल सुधार सुनिश्चित करें।
बैठक में विभिन्न योजनाओं एवं बिंदुओं की समीक्षा के दौरान बताया गया कि एमओयू मॉनिटरिंग में डिस्ट्रिक्ट रैंक 6/10 तथा जनपद रैंक 35/75 है। पीएम स्वनिधि योजना में 7/10 एवं 20/75, संपत्ति नामांतरण में 7/10 एवं 39/44, डिजी शक्ति में 10/10 एवं 56/75, उत्पाद राजस्व बनाम लक्ष्य आबकारी में 10/10 एवं 30/75, पेट्रोल पंप सत्यापन में 10/10 एवं 1/75, नगर विकास एवं गरीबी उन्मूलन अमृत योजना में 10/10 एवं 57/72, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में 6/10 एवं 62/75, लक्ष्य के सापेक्ष प्रवर्तन कार्रवाई राज्यकर में 10/10 एवं 5/64, आरसीसीएम डैशबोर्ड में 6/10 एवं 51/75, एंटी भू-माफिया में 10/10 एवं 68/75, धारा-89 में 7/10 एवं 65/74, भूलेख में 10/10 एवं 35/75, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना योजना में 8/10 एवं 50/75, वसूली प्रमाणपत्र में 8/10 एवं 42/75, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन में 8/10 एवं 34/75 तथा आईजीआरएस में 5/10 एवं 47/75 रैंक प्राप्त हुई है।
जिलाधिकारी महोदय ने अधिकारियों से कहा कि अभी वित्तीय वर्ष की शुरुआत हुई है और यदि प्रारंभ से ही बेहतर कार्य किया जाए तो पूरे वर्ष जनपद की स्थिति मजबूत बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि अन्य जनपद जब बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं तो इटावा भी निश्चित रूप से उत्कृष्ट कार्य कर सकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए जनपद की रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए।
उक्त बैठक में अपर जिला अधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक संदीप श्रीवास्तव, ए0आर0टी0ओ प्रदीप देशमणि, आबकारी अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, खनन अधिकारी सहित समस्त संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

