
रोहतास में “पॉक्सो एक्ट एवं बाल अधिकार कानून” पर क्षमता निर्माण कार्यशाला आयोजित
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:पटना बिहार
डेहरी ऑन सोन/रोहतास, 16 मई। पटना की संस्था लॉ फाउंडेशन द्वारा सासाराम (रोहतास) पुलिस पदाधिकारियों एवं विभिन्न सरकारी हितधारकों के सहयोग से शुक्रवार को पुलिस सभागार केंद्र, डेहरी ऑन सोन में “पॉक्सो एक्ट एवं बाल अधिकार कानून” विषय पर एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के सभी थानाध्यक्षों एवं संबंधित चाइल्ड वेलफेयर पुलिस ऑफिसर्स (CWPOs) ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक रोहतास श्री रोशन कुमार, बाल कल्याण समिति (CWC) के सदस्य श्री दादन कुमार पांडेय तथा बाल अधिकार कार्यकर्ता श्री संतोष उपाध्याय ने की। इस अवसर पर संतोष उपाध्याय ने कहा कि अपराध के रास्ते पर भटक चुके बच्चों को सही दिशा में लाने का दायित्व भी पुलिस का है।
कार्यशाला में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता श्री अनंत अस्थाना एवं यूनिसेफ बिहार के पूर्व वरिष्ठ सलाहकार श्री सुनील झा ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया। उन्होंने जुवेनाइल जस्टिस एक्ट (JJ Act), पॉक्सो एक्ट एवं बाल हितैषी पुलिसिंग से जुड़ी कानूनी प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही बच्चों से जुड़े मामलों में संवेदनशील एवं ट्रॉमा-इन्फॉर्म्ड दृष्टिकोण अपनाने पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान DCPU, CWC, JJB एवं चिकित्सकीय संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। समयबद्ध चिकित्सकीय परीक्षण, परामर्श सेवा, पीड़ित संरक्षण, अंतरिम मुआवजा तथा पॉक्सो मामलों में विशेष शिक्षकों की नियुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई।

कार्यशाला का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों को बाल केंद्रित मामलों के प्रभावी एवं संवेदनशील निस्तारण हेतु आवश्यक जानकारी, कौशल एवं व्यवहारिक समझ प्रदान करना था, ताकि बच्चों के अधिकारों एवं गरिमा की रक्षा सुनिश्चित करते हुए न्याय एवं पुनर्वास की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाया जा सके।
अंत में एडवोकेट संतोष कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में पटना लॉ फाउंडेशन के निदेशक प्रवीण कुमार, एडवोकेट संतोष कुमार, शुभेंदु शेखर, आनंद बंसकार, कुणाल, खालिद कुरैशी, युवराज कुमार, दीपशिखा एवं शालिनी की सक्रिय उपस्थिति रही।



