
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित होने वाली लेखपाल मुख्य परीक्षा के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा – जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित होने वाली लेखपाल मुख्य परीक्षा के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सर्वप्रथम जिलाधिकारी महोदय ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं उप जिलाधिकारी सदर को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में अभ्यर्थियों के साथ उनके अभिभावकों के आने-जाने से जनपद में भीड़ भाड़ होने के कारण रेन वसेरों की साफ सफाई अवश्य करा दी जाए ताकि अभ्यर्थियों के अभिभावक वहां पर आराम से रूक सकें एवं रैन बसेरों की सूची रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं शहर के प्रमुख चौराहों पर चस्पा कर दी जाए जिससे उन्हें रैन बसेरे तक आने में आसानी हो। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित करते हुए कहा कि केंद्रों के आसपास साइन बोर्ड अवश्य लगाया जाए जिससे परीक्षार्थी को केंद्र को ढूंढने में आसानी हो सके। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि जनपद में कुल 13 सेंटर है लगभग 5256 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा 21.05.2026 को एक पाली में आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र के अंदर कोई भी डिवाइस नहीं होनी चाहिए एवं नकल विहीन परीक्षा संपन्न करायी जाए। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए की केंद्रों का परीक्षा तिथि के एक दिन पूर्व भ्रमण कर लिया जाए जिससे कोई भी समस्या ना हो। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा प्रारंभ होने से 35 मिनट पूर्व प्रश्न पत्रों के गोपनीय पैकेट सीसीटीवी कैमरे एवं वीडियोग्राफी की निगरानी में ही खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षा एक पाली में संपन्न की जाएगी जिसका समय प्रातः 10:00 बजे से 12:05 बजे तक संपन्न होगी । उन्होंने कहा की परीक्षा को सकुशल संपन्न कराए जाने हेतु सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट नामित किए गए हैं जिससे कि अभ्यर्थी को कोई भी समस्या उत्पन्न ना हो। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट पुलिस विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करके उनके मोबाइल नंबर अवश्य ले लें जिससे परीक्षा केंद्रों के समय कोई भी परेशानी का सामना न करना पड़े तथा सभी सेंटरों पर सभी के मोबाइल नंबर जमा कर दिए जाएं। बैठक में उन्होंने यह भी निर्देश दिए की सभी परीक्षा केंद्रों की लोकेशन सेंटर के नाम से गूगल ऐप पर शेयर कर दी जाए जिससे छात्र-छात्राओं को आने-जाने में आसानी हो।
जिलाधिकारी महोदय ने बताया कि सभी चौराहों पर पूछताछ केंद्र अवश्य बना दिए जाएं जिससे अभ्यर्थियों को एग्जाम सेंटर तक आने में कोई भी समस्या ना हो तथा सभी सेंटरों पर महिला सिपाही व पुरुष सिपाही उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी केंद्र पर पुलिसकर्मी लगाए जाएंगे उनका मोबाइल नंबर सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट के पास होना अनिवार्य है जिससे कोई भी समस्या आने पर एक दूसरे को सूचित कर दिया जाए। उन्होंने बताया गया कि कानून व्यवस्था के संबंध में सभी पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है तथा वह अपनी ड्यूटी निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से करेंगे इसमें कोई भी लापरवाही नहीं की जाएगी। उन्होंने समस्त विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा के समय कोई भी लापरवाही नहीं की जाएगी एवं लापरवाही करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक के दौरान एसपी ग्रामीण, अपर जिलाधिकारी संदीप श्रीवास्तव, वरिष्ठ कोषाधिकारी डोगरा शक्ति, सी0टी0 मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह,समस्त उप जिलाधिकारी सहित समस्त स्टैटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट आदि उपस्थित रहे।


