
कमिश्नर ने एजेण्डा बिन्दुओं पर कार्यवाही के दिए निर्देश
एजेण्डा बिन्दुओं पर की गई कार्यवाही की प्रतिदिन रिपोर्ट दें – कमिश्नर
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: रीवा मध्य प्रदेश
रीवा. कमिश्नर बीएस जामोद ने कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में 29 मई को प्रस्तावित मुख्य सचिव की समीक्षा बैठक के एजेण्डा बिन्दुओं पर की गई कार्यवाही की समीक्षा की। कमिश्नर ने कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित विभागीय एजेण्डा बिन्दुओं पर जिला स्तर से की गई कार्यवाही की जानकारी प्राप्त करके प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत करें। संयुक्त संचालक कृषि खाद और बीज की उपलब्धता तथा वितरण, नरवाई प्रबंधन, प्राकृतिक खेती एवं कृषि विविधीकरण के संबंध में वार्षिक कार्ययोजना के अनुसार की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दें। संयुक्त संचालक पशुपालन विभागीय योजनाओं की प्रगति के साथ-साथ कामधेनु योजना के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दें। इस योजना से मऊगंज, रीवा और सिंगरौली जिलों में बैंकों में लंबित प्रकरणों का निराकरण कराकर अपेक्षा के अनुरूप प्रगति लाएं।
कमिश्नर ने कहा कि संयुक्त संचालक नगरीय विकास नगरीय क्षेत्रों की साफ-सफाई, कचरा संग्रहण, स्ट्रीट डॉग्स के संबंध में माननीय न्यायालय के निर्देशों के परिपालन में की जा रही कार्यवाही तथा पेयजल व्यवस्था के संबंध में प्रतिवेदन दें। सभी नगरीय निकायों में स्ट्रीट डॉग्स को सुरक्षित रखने के लिए जमीन का चिन्हांकन कराएं। अधीक्षण यंत्री पीएचई सभी जिलों में पर्याप्त मात्रा में राइजर पाइप उपलब्ध कराकर जल स्तर घटने से बंद हैण्डपंपों को चालू कराएं। सिंगल फेज मोटर आवश्यकता के अनुसार सभी जिलों को उपलब्ध कराएं। हर बस्ती में पेयजल की समुचित व्यवस्था करना हमारी जिम्मेदारी है। एकल नलजल योजनाओं का शेष कार्य पूरा कराकर इन्हें समारोहपूर्वक ग्राम पंचायतों को हैण्डओवर कराएं। आपूर्ति नियंत्रक सभी खरीदी केन्द्रों में पर्याप्त मात्रा में बारदाने उपलब्ध कराएं। उपार्जित गेंहू के परिवहन और सुरक्षित भण्डारण की व्यवस्था करें। किसानों को किए जा रहे भुगतान की नियमित मानीटरिंग करें।
बैठक में कार्यकारी निदेशक औद्योगिक विकास निगम यूके तिवारी ने बताया कि रीवा संभाग में आगामी तीन वर्षों में लगभग एक लाख करोड़ रुपए का निवेश होगा। रीवा जिले के घूमा-कटरा, मैहर जिले के अमझर तथा सिंगरौली जिले के बरगवां में निवेश के कई बड़े प्रस्ताव मिले हैं। रीवा जिले में टाटा एनर्जी 50 हजार करोड़ रुपए का निवेश कर रही है। बीपीसीएल 37 लाख करोड़ रुपए की लागत से कोयले से ईंधन गैस बनाने का संयंत्र सिंगरौली जिले में लगाने जा रही है। बैठक में कमिश्नर ने कहा कि रीवा में बनाए जा रहे आईटी पार्क में निवेश के लिए आईटी कंपनियों को आमंत्रित करें। बैठक में कमिश्नर ने स्वास्थ्य विभाग, उद्यानिकी विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, तकनीकी शिक्षा तथा कौशल उन्नयन विभाग एवं खनिज विभाग के एजेण्डा बिन्दुओं की समीक्षा की। बैठक में संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी, उपायुक्त राजस्व एलएल अहिरवार, अधीक्षण यंत्री पीएचई महेन्द्र सिंह, प्रभारी संयुक्त संचालक कृषि यूपी बागरी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
