
जलदूतों का जज्बा, प्रचंड गर्मी में गांव-गांव पहुंचकर सुधार रहे हैं हैण्डपंप
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . मऊगंज जिले में पड़ रही भीषण गर्मी एवं लगातार बढ़ते तापमान के बीच आमजन को पेयजल संकट से राहत दिलाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर संजय कुमार जैन के निर्देशन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की 12 टीमें लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर खराब हैंडपंपों का सुधार कार्य युद्ध स्तर पर कर रही हैं। लगभग 44 डिग्री सेल्सियस तापमान एवं तेज गर्म हवाओं के बीच विभागीय कर्मचारी और तकनीकी अमला गांव-गांव जाकर खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत कर ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने में जुटा हुआ है। पीएचई विभाग की टीमों द्वारा दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में भी पहुंचकर खराब हैंडपंपों को तत्काल सुधारने का कार्य किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को राहत मिल रही है।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कहा है कि जिले में कहीं भी पेयजल की समस्या उत्पन्न न हो तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए पीएचई विभाग की टीमों को सतत मॉनिटरिंग करते हुए फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यपालन यंत्री पीएचई संजय पाण्डेय ने बताया कि गर्मी के इस कठिन दौर में हैंडपंप सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। जहां कहीं भी हैंडपंप खराब होने की सूचना प्राप्त हो रही है, वहां टीम तत्काल पहुंचकर सुधार कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों एवं मैदानी अमले की मेहनत और समर्पण की सराहना स्थानीय ग्रामीणों द्वारा भी की जा रही है। विपरीत परिस्थितियों एवं भीषण गर्मी के बावजूद कर्मचारियों द्वारा पूरी निष्ठा से कार्य करते हुए पेयजल व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। आमजनों से अपील की गई है कि पेयजल स्रोतों का संरक्षण करें तथा किसी भी खराब हैंडपंप अथवा पेयजल समस्या की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते उसका निराकरण किया जा सके। उन्होंने बताया कि नईगढ़ी विकासखण्ड के ग्राम भमरा में पुनरीक्षित नलजल योजनान्तर्गत पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रगति में है।


