
बाढ़ से निपटने की सभी आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित करें – अपर कलेक्टर
आपदा प्रबंधन के लिए कम्युनिकेशन प्लान में सभी के फोन नम्बर अपडेट रखने के निर्देश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। अपर कलेक्टर ने कहा कि बाढ़ तथा अतिवृष्टि से राहत और बचाव की तैयारियाँ तत्काल शुरू कर दें। जल संसाधन विभाग के अधिकारी त्योंथर तथा जिला स्तर में कंट्रोल रूम बनाकर बाणसागर परियोजना तथा उत्तरप्रदेश के मेजा, सिरसी एवं अदवा बांधों के कंट्रोल रूम से सतत संपर्क में रहें। एसडीएम त्योंथर तथा जवा बाढ़ से प्रभावित होने वाले गांवों में राहत शिविर के लिए उचित स्थलों का चिन्हांकन कर लें। बाढ़ की स्थिति में गोताखोर दल, नाव चलाने वाले, जेसीबी तथा क्रेन चलाने वाले आपरेटर आदि की सूची बनाकर उनके फोन नम्बर कंट्रोल रूम को उपलब्ध करा दें। पंचायत स्तर पर भी बाढ़ राहत और बचाव के उचित प्रबंध कर लें। अतिवृष्टि अथवा बाढ़ की सूचना मिलने पर कंट्रोल रूम तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दें। कंट्रोल रूम में पंजी संधारित कर महत्वपूर्ण सूचनाएं प्रतिदिन दर्ज करें।
अपर कलेक्टर ने कहा कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी आपदा प्रबंधन के लिए जिला स्तर पर टीम गठित कर दें। सभी बीएमओ के पास पर्याप्त दवाएं उपलब्ध करा दें। उप संचालक पशुपालन पशुओं के लिए चारा-भूसा एवं उपचार की व्यवस्था कर लें। बाढ़ में मृत पशुओं के निष्पादन की भी व्यवस्था करें। नगर निगम क्षेत्र तथा नगरीय क्षेत्र के नालों एवं नालियों की साफ-सफाई तत्काल कराएं। रीवा में बांसघाट, निपनिया, पुष्पराजनगर, बिछिया तथा तरहटी मोहल्लों में बाढ़ का प्रकोप होने पर राहत और बचाव की समुचित व्यवस्था करें। सभी एसडीएम अपने अनुभाग में आपदा प्रबंधन की बैठक करके आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करें। जिला कमाण्डेंट होमगार्ड्स बाढ़ से बचाव के लिए नाव, रस्सी, टार्च तथा अन्य उपकरणों की तत्काल व्यवस्था कर लें। त्योंथर क्षेत्र में आपदा प्रबंधन के लिए लोगों को प्रशिक्षण देकर जागरूक करें। एसडीएम सिरमौर बकिया बराज और टमस बराज के अधिकारियों से संपर्क में रहकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। बैठक में अपर कलेक्टर ने बाढ़ की स्थिति में बिजली की वैकल्पिक आपूर्ति, वाहनों की व्यवस्था, खाद्यान्न तथा पेयजल की आपूर्ति एवं उपचार व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय कंट्रोल रूम में 24 घंटे कर्मचारी तैनात रहें। कंट्रोल रूम 15 जून से सक्रिय करें। अतिवृष्टि की स्थिति में नदियों और बांधों के जल स्तर से संबंधित सूचनाओं को हर घंटे आदान-प्रदान सुनिश्चित करें। उत्तरप्रदेश के जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से भी सतत संपर्क में रहें। बांधों से पानी छोड़े जाने की स्थिति में निचले इलाकों को समय पर सूचना दें। सभी एसडीएम बाढ़ से बचाव तथा राहत कार्य में स्वयंसेवी संस्थाओं और आमजनों के सहयोग के लिए भी सचेत रहें। बैठक में डिप्टी कलेक्टर राजेश कुमार सिन्हा सहित सभी एसडीएम, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नगर परिषद के सीएमओ तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

