
सीडी रेशियो बढ़ाने और लंबित ऋण प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा, उत्तर प्रदेश
जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न बैंक योजनाओं, ऋण वितरण तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जनपद का सीडी रेशियो 51.97 प्रतिशत है। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सभी जनपदों का सीडी रेशियो 60 प्रतिशत से अधिक होना चाहिए। बैंकवार समीक्षा में बैंक ऑफ बड़ौदा का सीडी रेशियो 37.66 प्रतिशत, बैंक ऑफ इंडिया का 27.39 प्रतिशत, कैनरा बैंक का 32.34 प्रतिशत, एसबीआई का 49.21 प्रतिशत, सेंट्रल बैंक का 42.50 प्रतिशत, पीएनबी का 49.10 प्रतिशत, यूनियन बैंक का 66.70 प्रतिशत तथा यूपी ग्रामीण बैंक का 64.32 प्रतिशत पाया गया। जिलाधिकारी ने सभी बैंकों को सीडी रेशियो बढ़ाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान की समीक्षा में बताया गया कि 517 आवेदन विभिन्न बैंकों को भेजे गए हैं। यूपी ग्रामीण बैंक को प्राप्त 46 आवेदनों में 19 स्वीकृत किए गए, जबकि पीएनबी को मिले 17 आवेदनों में केवल 2 स्वीकृत हुए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन स्तर पर इस योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है तथा जनपद को 2200 का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने बैंकों को अधिक से अधिक ऋण स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत 78 प्रकरण स्वीकृति हेतु लंबित पाए गए, जिनमें 41 आवेदन एसबीआई तथा 1 आवेदन यूपी ग्रामीण बैंक में लंबित है। वहीं ओडीओपी योजना में 37 प्रकरण स्वीकृति तथा 20 प्रकरण ऋण वितरण के लिए लंबित हैं। जिलाधिकारी ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत प्राप्त 595 आवेदनों में से 162 प्रकरण लंबित पाए गए। इनमें एसबीआई के 50 तथा सेंट्रल बैंक के 48 प्रकरण शामिल हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित बैंकों को जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सोलर सिस्टम स्थापना को बढ़ावा देने के लिए पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेन्द्र सिंह सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।

