इटावाउत्तर प्रदेशरोजगार

युवाओं के लिए स्वरोजगार का सुनहरा अवसर, सरकार दे रही ब्याजमुक्त ऋण व सब्सिडी

युवाओं के लिए स्वरोजगार का सुनहरा अवसर, सरकार दे रही ब्याजमुक्त ऋण व सब्सिडी

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश 

इटावा,  जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र इटावा द्वारा युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने हेतु विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। उपायुक्त उद्योग आत्मदेव शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को उद्योग एवं सेवा क्षेत्र में अपना रोजगार स्थापित करने के लिए बैंक ऋण, सब्सिडी एवं ब्याजमुक्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

 

उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में स्वरोजगार केवल आत्मनिर्भर बनने का माध्यम नहीं, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार सृजन का प्रभावी साधन बन चुका है। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को उद्योग एवं व्यवसाय स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

 

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि “मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना” के अंतर्गत पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त बैंक ऋण उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही 10 प्रतिशत तक मार्जिन मनी सब्सिडी भी दी जाती है। इस योजना के माध्यम से पेपर प्लेट निर्माण, सॉक्स मैन्युफैक्चरिंग, अचार निर्माण, डिटर्जेंट पाउडर, ब्यूटी पार्लर आदि छोटे उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं। इच्छुक युवा msme.up.gov.in पोर्टल पर निःशुल्क आवेदन कर सकते हैं।

 

इसके अलावा “मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना” के तहत मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में 25 लाख रुपये तथा सर्विस सेक्टर में 10 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। पात्र लाभार्थियों को 25 प्रतिशत तक सब्सिडी भी प्रदान की जाती है। इस योजना के माध्यम से टेंट हाउस, फर्नीचर निर्माण, ब्यूटी पार्लर, ड्राई क्लीनिंग एवं अन्य सेवा आधारित व्यवसाय स्थापित किए जा सकते हैं।

 

उन्होंने बताया कि “एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) वित्त पोषण योजना” के अंतर्गत टेक्सटाइल, सिलाई-कढ़ाई एवं गार्मेंट्स उद्योग को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इस योजना में दो करोड़ रुपये तक का बैंक ऋण उपलब्ध कराने के साथ 10 से 25 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान है।

 

उपायुक्त उद्योग ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नौकरी की प्रतीक्षा करने के बजाय स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लेकर युवा स्वयं के साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर सकते हैं।

 

किसी भी जानकारी या सहायता के लिए इच्छुक व्यक्ति जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, एसडी फील्ड, इटावा कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button