
इटावा में युवक की मौत पर फूटा जन आक्रोश, न्याय नहीं मिला तो होगा बड़ा आंदोलन—
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा में युवक रंजीत राजपूत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। इकदिल थाना क्षेत्र के नगला वर निवासी 30 वर्षीय रंजीत राजपूत सोमवार से लापता थे, जिनका शव मंगलवार को मानिकपुर विशू के जंगल में पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने प्लॉट विवाद को लेकर हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने का गंभीर आरोप लगाया है।
पोस्टमार्टम के बाद जब परिजनों को न्याय मिलता नजर नहीं आया तो सैकड़ों ग्रामीणों का दर्द सड़कों पर दिखाई दिया। ग्रामीण और परिजन शव लेकर एसएसपी कार्यालय की ओर रवाना हुए, लेकिन प्रशासन ने रास्ते में ही उन्हें रोक लिया। इस दौरान माहौल काफी भावुक और तनावपूर्ण बना रहा। परिजन लगातार निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते रहे।
वहीं मौके पर पहुंचे सीओ सिटी ने भी परिजनों को भरोसा दिलाया कि उनकी तहरीर के आधार पर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पूरा क्षेत्र आज रंजीत राजपूत को न्याय दिलाने की मांग कर रहा है और लोगों की आंखों में एक ही सवाल है — आखिर एक परिवार का बेटा इस तरह दुनिया से क्यों चला गया।
