
पुणे-पिंपरी चिंचवड़ जहरीली शराब कांड में दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान; पुणे महाराष्ट्र
मुंबई,। पुणे के हडपसर तथा पिंपरी-चिंचवड़ के दापोडी-फुगेवाड़ी इलाके में जहरीली शराब पीने से 12 लोगों की मौत की घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। उन्होंने प्रशासन को मामले की जड़ तक जाकर गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं।
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने घटना की गंभीरता को देखते हुए पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ के पुलिस आयुक्तों, राज्य उत्पाद शुल्क विभाग के अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन से संपर्क किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध शराब कारोबार में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने बताया कि अब तक इस मामले में 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस और उत्पाद शुल्क विभाग संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं। जहरीली शराब की सप्लाई कहां से हुई और इसमें किन लोगों की संलिप्तता है, इसकी भी जांच की जा रही है।


