
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा 2025 की तैयारियां पूरी, डीएम-एसपी ने ली समीक्षा बैठक
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में प्रशासनिक, पुलिस अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा 8, 9 एवं 10 जून 2026 को दो पालियों में आयोजित होगी। जनपद के 10 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा की निगरानी एवं सुचारु संचालन के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा अतिरिक्त सहायक केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। प्रश्न पुस्तिकाओं के सुरक्षित परिवहन, परीक्षा केंद्रों की निगरानी तथा कंट्रोल रूम के संचालन की समुचित व्यवस्था की गई है। स्ट्रांग रूम प्रशासन एवं पुलिस की निगरानी में रहेगा तथा कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा।
जिलाधिकारी ने नगर निकाय अधिकारियों को सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों को 7 जून को आयोजित होने वाली रिहर्सल में अनिवार्य रूप से भाग लेने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कहा कि सभी अधिकारी एवं केंद्र व्यवस्थापक निर्देश पुस्तिका का गंभीरता से अध्ययन करें। प्रश्नपत्रों का आवागमन प्रशासन एवं पुलिस की निगरानी में होगा। सभी परीक्षा केंद्रों और स्ट्रांग रूम में अग्निशमन उपकरण तथा पर्याप्त पुलिस बल एवं सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अविनाश चंद्र मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, वरिष्ठ कोषाधिकारी हरेश कुमार सोलंकी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



