
इटावा पुलिस लाइन में दिवंगत मुख्य आरक्षी अजीत सिंह को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, शस्त्र झुकाकर दी गई शोक सलामी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
जनपद इटावा के रिजर्व पुलिस लाइन में दिवंगत मुख्य आरक्षी श्री अजीत सिंह को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा पुष्पगुच्छ अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। दिनांक 06.06.2026 को पुलिस लाइन इटावा में उनकी आकस्मिक मृत्यु होने के पश्चात पुलिस विभाग द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
इसके उपरांत दिवंगत मुख्य आरक्षी के पार्थिव शरीर को पुलिस लाइन स्थित शहीद स्थल पर लाया गया, जहाँ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने शस्त्र झुकाकर शोक सलामी दी तथा नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इसके बाद पार्थिव शरीर को पुलिस वाहन के माध्यम से उनके पैतृक निवास के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर समस्त अपर पुलिस अधीक्षकगण, क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक एवं अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।



