प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

हर बच्चे को मिले सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान – कलेक्टर

हर बच्चे को मिले सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान – कलेक्टर

12 जून से चलेगा विशेष जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश

मऊगंज . कलेक्टर संजय कुमार जैन की अध्यक्षता में जिला कार्यबल की बैठक में बाल अधिकारों के संरक्षण, बाल श्रम उन्मूलन तथा बच्चों के सुरक्षित एवं समग्र विकास को सुनिश्चित करने आदि विभिन्न विषयों से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने तथा उसके क्रियान्वयन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराई बच्चों के अधिकारों का हनन है और इसके उन्मूलन के लिए प्रशासन, विभागों, सामाजिक संस्थाओं तथा आमजन की संयुक्त सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि 12 जून अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस से जिलेभर में विशेष जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान प्रारंभ किया जायेगा। साथ ही जून माह को “बाल श्रम उन्मूलन एक्शन माह” के रूप में मनाते हुए सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर ने बाल श्रम, बाल विवाह, बाल तस्करी, बाल संरक्षण तथा जोखिमग्रस्त बच्चों की पहचान एवं पुनर्वास विषयों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, नगरीय क्षेत्रों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता गतिविधियां संचालित करें तथा बाल श्रम में संलिप्त पाए जाने वाले मामलों पर प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि विभिन्न विभाग अपने-अपने क्षेत्र में संवेदनशील एवं जोखिमग्रस्त बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पुनर्वास सेवाओं से जोड़ने की कार्यवाही करें। बच्चों के हितों की रक्षा के लिए विभागीय स्तर पर नियमित निगरानी तथा फील्ड स्तर पर सक्रियता बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि बाल अधिकारों की रक्षा केवल शासकीय दायित्व नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ते हुए इसे जन-आंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं शोषणमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन,महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी आशीष द्विवेदी, बाल कल्याण समिति के सदस्यगण, सामाजिक संस्था अहिंसा वेलफेयर सोसाइटी के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button