
पुलिस उपमहानिरीक्षक यमुना प्रसाद ने इटावा में आरक्षी भर्ती परीक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 के तहत बुधवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर श्री यमुना प्रसाद ने जनपद इटावा का भ्रमण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित अतिथि गृह पहुंचने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव एवं अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद गार्द द्वारा उन्हें सलामी दी गई।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने पुलिस लाइन स्थित जनपदीय कंट्रोल रूम का अवलोकन कर परीक्षा की निगरानी व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, अभ्यर्थियों की सुविधाओं तथा संचार व्यवस्था की समीक्षा की। इसके उपरांत उन्होंने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश प्रबंधन, तैनात पुलिस बल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
डीआईजी यमुना प्रसाद ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती परीक्षा को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शुचिता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहनी चाहिए।
इटावा पुलिस द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। अब तक जनपद में तीन दिनों के दौरान पांच पालियों की परीक्षा सकुशल संपन्न कराई जा चुकी है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चन्द्र, समस्त क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष, प्रभारी निरीक्षक तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


