
2026 तक औरैया को बाल श्रम मुक्त बनाने की तैयारी तेज, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026 तक जनपद औरैया को बाल श्रम मुक्त बनाने के लक्ष्य पर विस्तार से चर्चा की गई।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों, बाल एवं किशोर श्रमिकों के नियोजन संबंधी नियमों, दंड प्रक्रिया तथा पुनर्वास योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही 12 जून को अंतरराष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के संबंध में अवगत कराया गया।
बैठक में जनपद की आठ ग्राम पंचायतों—बखरिया, नंदगांव, दासपुर, पूर्वा रहट, मनसुखपुर, बीझलपुर, सेनपुर और तुर्कीपुर—को बाल श्रम मुक्त घोषित करने का प्रस्ताव पारित किए जाने की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने फूलमती मंदिर, लेडीज मार्केट, खानपुर चौराहा, जालौन चौराहा, बाबरपुर-अजीतमल मुख्य बाजार तथा बिधूना की लोहा मंडी जैसे चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने भट्टों एवं अन्य प्रतिष्ठानों की जांच कर बाल श्रमिक मिलने पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
डीएम ने चिन्हित बच्चों का स्कूल चलो अभियान के तहत विद्यालयों में नामांकन कराने, बच्चों एवं उनके अभिभावकों की काउंसलिंग कराने तथा श्रमिक कार्ड बनवाकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि बाल श्रम की प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


