
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर औरैया में आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को सदर विकासखंड सभागार में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” विषय पर आधारित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 5 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित किए जा रहे विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा है।
कार्यक्रम में शिक्षाविदों, उद्यमियों, विधिवेत्ताओं, स्वास्थ्य विशेषज्ञों तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने भाग लिया। वक्ताओं ने केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सुशासन संबंधी पहलों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र में बीते 12 वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों, योजनाओं की उपलब्धियों तथा आम जनता को मिले लाभों की जानकारी साझा की। उपस्थित लोगों ने सरकार की जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर अपने विचार भी व्यक्त किए।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराना तथा विकास और सुशासन के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।


