प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

जनसुनवाई के आवेदन पत्रों का तत्परता से निराकरण करें – कलेक्टर

जनसुनवाई के आवेदन पत्रों का तत्परता से निराकरण करें – कलेक्टर

कलेक्टर ने आमजनता के 758 आवेदन पत्रों में की सुनवाई

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:रीवा मध्य प्रदेश 

रीवा . कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने आमजनता के 758 आवेदन पत्रों में सुनवाई की। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी संवेदनशीलता और तत्परता से जनसुनवाई के आवेदन पत्रों का निराकरण करें। आमजनता शासन की विभिन्न योजनाओं और कार्यों के संबंध में बड़ी उम्मीद से आवेदन लेकर आते हैं। तत्परता से कार्यवाही करके आवेदक को निराकरण की जानकारी भी दें। आवेदन पत्रों के निराकरण की जानकारी पोर्टल पर दर्ज कराएं। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, एसडीएम हुजूर डॉ. अनुराग तिवारी, डिप्टी कलेक्टर राकेश चौरसिया, डिप्टी कलेक्टर सुधीर बेक, तहसीलदार शिवशंकर शुक्ला तथा तहसीलदार अनुपम पाण्डेय ने भी सुनवाई की। जनसुनवाई में सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जनसुनवाई में संजय सिंह निवासी ग्राम करारी ने सीमांकन तथा युवराज सिंह निवासी ग्राम अमरकक्ष ने जमीन विवाद के निराकरण के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने एसडीएम मनगवां को आवेदन में कार्यवाही के निर्देश दिए। शारदा विश्वकर्मा निवासी लहुरिया परासी ने श्रम न्यायालय द्वारा पारित आदेश के परिपालन में घनश्याम प्रसाद गुप्ता से लंबित राशि की वसूली कराने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने तहसीलदार मनगवां को तत्काल राशि की वसूली की कार्यवाही के निर्देश दिए। राजभान कुशवाहा निवासी रघुराजगढ़ ने बिजली तार की चोरी हो जाने पर बंद बिजली को नया तार लगाकर बहाल कराने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने अधीक्षण यंत्री ऊर्जा को आवेदन में कार्यवाही के निर्देश दिए। भगवानदास पटेल निवासी बेलबा कुर्मियान ने जमीन के सीमांकन और नक्शा सुधार के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने तहसीलदार सिरमौर को आवेदन में कार्यवाही के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में सुनीता कुशवाहा निवासी रघुराजगढ़, राजनिवास शर्मा निवासी रघुराजगढ़, चन्द्रशेखर प्रसाद निवासी ग्राम सदरी में सीमांकन, खसरा में सुधार और सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को आवेदन में कार्यवाही के निर्देश दिए। मोतीलाल साहू निवासी सहिजना ने दबंगों द्वारा बंद किए गए आम रास्ते को खुलवाने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने नायब तहसीलदार गोविंदगढ़ को मौके पर जाकर कार्यवाही के निर्देश दिए। रमेश साकेत निवासी ग्राम कटकी ने हल्का पटवारी द्वारा एक साल से जमीन की रजिस्ट्री की प्रति न देने की शिकायत की। कलेक्टर ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से एसडीएम सिरमौर को आवेदक को रजिस्ट्री की प्रति दिलाने तथा संबंधित पटवारी के विरूद्ध निलंबन की कार्यवाही के निर्देश दिए। जनसुनवाई में उपचार सहायता, बिजली बिल में सुधार, शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाने, दिव्यांग पेंशन, सीमांकन तथा अन्य विषयों से संबंधित आवेदनों में सुनवाई की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button