
आयुष एवं वन विभाग के संयुक्त प्रयास से यमुना किनारे योग शिविर संपन्न
यमुना मैया की दिव्य आरती के उपरांत योगाभ्यास का आयोजन हुआ
योग और प्रकृति का संगम: यमुना घाट पर लगा विशेष योग शिविर
निरोग जीवन का संदेश लेकर यमुना घाट पर गूंजा योग
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया : जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशानुसार व मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी के मार्गदर्शन में वन विभाग, जिला गंगा समिति, आयुष विभाग, जिला प्रशासन व समाजसेवी संस्था एक विचित्र पहल सेवा समिति, औरैया द्वारा संयुक्त रुप से 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को प्रातः 7 बजे शेरगढ़ घाट यमुना तट स्थल पर योग शिविर का आयोजन किया गया। योग शिविर से पहले जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. परवीन, क्षेत्रीय वनाधिकारी धर्मवीर सिंह, आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी डॉ. हरी प्रताप सिंह, डॉ शशिराज सेठ व विचित्र पहल के सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से घंटा-घड़ियाल तथा शंख आदि के साथ यमुना मैया की विधि-विधान से मंत्रोचार के साथ पूजा-अर्चना करते हुए पावन आरती कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। उपरांत लखनऊ मिशन द्वारा औरैया जनपद में मास्टर ट्रेनर के लिए नियुक्त डॉ. शशिराज सेठ द्वारा प्रार्थना मंत्र के साथ विभिन्न आसनों, प्राणायाम द्वारा कॉमन योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दिया गया व प्रतिदिन योग करने की शपथ दिलाई गई। प्रभागीय वन अधिकारी चंद्र प्रताप सिंह ने बताया यमुना घाट के प्राकृतिक एवं शांत वातावरण में आयोजित यह योग शिविर न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम है, बल्कि प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने का भी एक सशक्त प्रयास है। वन विभाग का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को प्रकृति के निकट लाकर स्वस्थ जीवन शैली के लिए प्रेरित करना है। जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ परवीन ने बताया यमुना घाट के पावन तट पर आयोजित इस योग शिविर का उद्देश्य जन-जन को योग के प्रति जागरूक करना एवं स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के अंतर्गत समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने बताया कि लोगों को सदैव स्वस्थ व प्रसन्नचित्त रहने के लिए योग को अपनी दिनचर्या में सम्मिलित करना चाहिए। जिला गंगा समिति के सदस्य आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि नदियों की साफ सफाई व स्वच्छता हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी हैं, संस्था द्वारा विगत 11 वर्षों से श्मशान घाट पर सफाई अभियान व जीवनधारा पौधारोपण अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण हेतु उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने व यमुना नदी में मृत पशु-पक्षी, धार्मिक मूर्ति व सामग्री आदि अपशिष्ट प्रवाह न करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन विचित्र पहल के संस्थापक आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट ने किया। आयोजन में प्रमुख रूप से जिला गंगा समिति की परियोजना अधिकारी साक्षी शुक्ला, क्षेत्रीय वनाधिकारी धर्मवीर सिंह, अंगद सिंह चंदेल, आरके सिंह राठौर, बृजेंद्र सिंह चौहान, सहायक योग प्रशिक्षक उत्कर्ष सिंह, नगर पालिका के सफाई निरीक्षक आशीष पांडे, अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू), जागृति पोरवाल, दीपल, कवयित्री शर्मिष्ठा गुप्ता, एडवोकेट अनुपम सेठ , आरोही, सतीश कुमार श्रीवास्तव, ब्रजराज सिंह, रिशु कुमार सिंह, राहुल मिश्रा, प्रेम कुमार, दीपक कुशवाहा, अश्वनी कुमार, हिमांशु दुबे, रामचंद्र सोनी आदि एक सैकड़ा लोग मौजूद रहे।



