
योग दिवस पर दिव्यांगजनों ने किया योगाभ्यास
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला विकलांग एसोसिएशन कार्यालय पर योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांग भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष एवं व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष अशोक जाटव ने की। इस अवसर पर मंत्री संतोष कुमार त्रिवेदी तथा संरक्षक ओमप्रकाश गुप्ता ने उपस्थित दिव्यांगजनों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कराए तथा नियमित योग के महत्व पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का सशक्त माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति निरोग और ऊर्जावान जीवन जी सकता है।
कार्यक्रम में संगठन के कोषाध्यक्ष संजय सिंह, महिला अध्यक्ष सीमा मिश्रा, मोहम्मद यासीन, यज्ञ शर्मा सहित बड़ी संख्या में दिव्यांग भाई-बहन उपस्थित रहे। सभी ने योग का आनंद लेते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

