
एसएसपी ने अपराध समीक्षा कर कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों तथा शाखा प्रभारियों के साथ अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन आयोजित किया। इस दौरान जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपराध गोष्ठी में एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा आईजीआरएस एवं जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को जनसुनवाई को प्राथमिकता देने और प्राप्त शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ई-साक्ष्य ऐप, सीसीटीएनएस प्रणाली, एफआईआर लिंकिंग, आई-रेड (सड़क दुर्घटना), ट्रैफिक प्रबंधन, एन-स्टेप एवं ई-समन तामिला, ऑपरेशन कन्विक्शन, गैंगस्टर एवं गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत की जा रही कार्रवाई तथा प्रस्तावित गैंगस्टर कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही अपराधियों की सतत निगरानी एवं उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।
गोष्ठी के प्रारंभ में आयोजित सैनिक सम्मेलन में पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनी गईं। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश देते हुए पुलिस कर्मियों के कल्याण, अनुशासन, कार्यकुशलता एवं बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने पर बल दिया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चंद्र, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, थानाध्यक्ष, शाखा प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

