
मधुर संगीत की धुन में बंदियों द्वारा किया जा रहा योगाभ्यास
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा : अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व केन्द्रीय जेल रीवा में बंदियों द्वारा योगाभ्यास किया जा रहा है। बंदियों द्वारा मधुर संगीत की धुन में सूर्य नमस्कार, अनुलोम विलोम, कपालभाति, प्राणायाम सहित अन्य योग क्रियाएं की जा रही हैं। जेल अधीक्षक सतीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि सेंट्रल जेल में 15 जून से लगातार बंदियों को सामूहिक योगाभ्यास कराया जा रहा है। सेंट्रल जेल में योग दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश श्री विवेक रूसिया ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग माध्यम से किया। सेंट्रल जेल में 21 जून विश्व योग दिवस तक सामूहिक योग के योगाभ्यास के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इसकी मानीटरिंग वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रतिदिन की जा रही है। महिला बंदियों को योग साधिका सुश्री राधे चौरसिया एवं रचना चौरसिया द्वारा नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है। सामूहिक योगाभ्यास के बाद भजन एवं गीत-संगीत का भी आयोजन किया जा रहा है।
