
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विकास प्रदर्शनी का अवलोकन
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक संचालित समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा ककोर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शनिवार को राज्यसभा सांसद गीता शाक्य, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया तथा जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने अवलोकन किया।
प्रदर्शनी में केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की पिछले 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों को आकर्षक और जानकारीपूर्ण ढंग से प्रदर्शित किया गया। इसका उद्देश्य आमजन को सरकार की योजनाओं और विकास यात्रा से अवगत कराना है।
प्रदर्शनी में युवाओं, महिलाओं, किसानों, गरीब एवं वंचित वर्गों के लिए संचालित योजनाओं के साथ उत्तर प्रदेश में विकसित हो रही आधारभूत संरचना, एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक कॉरिडोर, डिजिटल गवर्नेंस, हरित ऊर्जा, तकनीकी विकास तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने वाले कार्यक्रमों को प्रमुखता से दर्शाया गया। इसके अलावा श्रीराम जन्मभूमि मंदिर अयोध्या, काशी विश्वनाथ धाम वाराणसी और महाकुंभ प्रयागराज सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को भी विशेष स्थान दिया गया।
कानून-व्यवस्था सुदृढ़ीकरण, महिला सुरक्षा, पुलिस आधुनिकीकरण एवं विकसित उत्तर प्रदेश-2047 विजन से जुड़ी जानकारियां भी प्रदर्शनी का आकर्षण रहीं। प्रदर्शनी स्थल पर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के कटआउट के साथ सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए गए, जहां बड़ी संख्या में आगंतुकों ने फोटो खिंचवाए।
विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल
प्रदर्शनी में खाद एवं ग्रामोद्योग, उद्योग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, स्वास्थ्य, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, समाज कल्याण, मत्स्य, कृषि, वन एवं पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित स्टॉल लगाए। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने इन स्टॉलों का निरीक्षण किया। स्टॉलों के माध्यम से आमजन को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया गया।
राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और समग्र विकास के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। विकास प्रदर्शनी इन योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है।
सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र, चेक एवं अन्य सहायता सामग्री वितरित की गई। राज्यसभा सांसद एवं सदर विधायक ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी की। कार्यक्रम का समापन विकसित भारत के संकल्प के साथ हुआ।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



