
पुणे इंटरनेशनल स्कूल में उत्साह के साथ मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
1000 से अधिक विद्यार्थियों और शिक्षकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे,। विद्यनगर स्थित प्रतिष्ठित पुणे इंटरनेशनल स्कूल एंड जूनियर कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह, अनुशासन और भव्यता के साथ मनाया गया। स्वस्थ शरीर और सशक्त मन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 1000 विद्यार्थियों, 120 शिक्षकों तथा शिक्षकेतर कर्मचारियों ने एक साथ विभिन्न योगासन कर योग दिवस मनाया।

इस भव्य आयोजन का आयोजन चलवादी शिक्षण संस्था की उपाध्यक्ष अधिवक्ता रेणुका चलवादी के विशेष मार्गदर्शन एवं पहल पर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हर्षाली खैरनार द्वारा प्रस्तुत योग प्रार्थना से हुई। इसके बाद योग प्रशिक्षिका राजश्री शेलार ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को योगाभ्यास कराया तथा दैनिक जीवन में योग के महत्व को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता स्वप्नील शिर्के, प्राचार्या स्मिता लोंढे, सायली शिंदे, ज्योति सचदेव, बीना कदम, अश्विनी मोहिते और जयश्री कदम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने स्वयं योगासन कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

विद्यार्थियों में योग के प्रति रुचि विकसित करने और नियमित अभ्यास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अधिवक्ता रेणुका चलवादी की ओर से विद्यालय को 100 योग मैट भेंट किए गए।
इस अवसर पर अधिवक्ता रेणुका चलवादी ने कहा कि योग भारत की विश्व को दी गई अमूल्य देन है। वर्तमान के तनावपूर्ण और व्यस्त जीवन में मानसिक शांति तथा शारीरिक स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए योग सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल योग दिवस तक सीमित न रहकर योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
वहीं डॉ. हुलगेश चलवादी ने कहा कि विद्यार्थियों में बचपन से ही स्वस्थ जीवनशैली के संस्कार विकसित होना आवश्यक है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवन पद्धति है, जो एकाग्रता, आत्मविश्वास और बौद्धिक क्षमता को बढ़ाने में सहायक है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
भाजपा-आरपीआई की ओर से योग मैट का वितरण

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) की ओर से अधिवक्ता रेणुका चलवादी के नेतृत्व में प्रभाग क्रमांक-2 नागपुर चॉल-फुलेनगर क्षेत्र में भी योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। प्रसिद्ध योग गुरु पार्थ वाणी ने उपस्थित नागरिकों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को लगभग 100 से 150 योग मैट निःशुल्क वितरित किए गए। इस अवसर पर अधिवक्ता रेणुका चलवादी, सामाजिक कार्यकर्ता स्वप्नील शिर्के, संदीप पुरकर, संदीप गोडसे सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं एवं युवा उपस्थित रहे।



