बिहारसीतामढ़ीस्वास्थ्य

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन

स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के साथ योगाभ्यास कर दिया गया स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:सीतामढ़ी बिहार 

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में समाहरणालय परिसर के निकट स्थित सैनिटेशन पार्क में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योग गुरु सुरेश कुमार के मार्गदर्शन में जिलाधिकारी रिची पाण्डेय सहित जिला प्रशासन के पदाधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

 

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों की जानकारी दी गई तथा नियमित योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन के बीच स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा योग के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी रिची पाण्डेय ने कहा कि वर्तमान समय में भागदौड़ भरी जीवनशैली, बढ़ते कार्यभार और बदलती परिस्थितियों के कारण लोगों को मानसिक तनाव एवं शारीरिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में योग एक प्रभावी माध्यम है, जो व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित तथा भावनात्मक रूप से सशक्त बनाता है।

उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) का उल्लेख करते हुए कहा कि योग केवल रोगों से बचाव का उपाय नहीं, बल्कि स्वस्थ, सक्रिय और सम्मानजनक जीवन जीने की जीवन-पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति बढ़ती उम्र में भी ऊर्जा, आत्मविश्वास और कार्यक्षमता बनाए रख सकता है। योग शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित कर जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि भारत की प्राचीन योग परंपरा आज विश्वव्यापी जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुकी है। दुनिया के अधिकांश देशों में लोग योग को अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

 

कार्यक्रम में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारी एवं कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवन, निरोगी समाज और नियमित योगाभ्यास के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button