प्रशासनबिहारसीतामढ़ी

ग्रीष्मावकाश के बाद विद्यालय खुलने पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति की हुई जांच

ग्रीष्मावकाश के बाद विद्यालय खुलने पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति की हुई जांच

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान: सीतामढ़ी बिहार 

ग्रीष्मावकाश समाप्त होने के बाद विद्यालयों के पुनः संचालन प्रारंभ होने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले के विभिन्न विद्यालयों में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति की विशेष जांच कराई गई। जांच के दौरान यह पाया गया कि शिक्षकों की उपस्थिति शत-प्रतिशत रही तथा जो शिक्षक विद्यालय में उपस्थित नहीं थे, वे विधिवत स्वीकृत अवकाश पर थे।

विद्यालयों में उपस्थिति की यह जांच प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, जिनमें श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को शामिल किया गया था, के माध्यम से कराई गई।

 

जांच के दौरान कई विद्यालयों में नामांकन की तुलना में विद्यार्थियों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम पाई गई। इनमें जोहरी मल उच्च विद्यालय, बैरगनिया में नामांकित 1,244 विद्यार्थियों के विरुद्ध 472 विद्यार्थी उपस्थित पाए गए। इसी प्रकार बाजपट्टी में उच्च माध्यमिक विद्यालय, मदारीपुर में 331 नामांकित विद्यार्थियों के मुकाबले मात्र 18 विद्यार्थी उपस्थित थे।

इसके अतिरिक्त प्राथमिक विद्यालय, लोहासी गुलरिया टोला, बेलसंड में 83 के विरुद्ध 38, मध्य विद्यालय, सिरसी, नानपुर में 659 के विरुद्ध 300, उच्च माध्यमिक विद्यालय, गौसनगर, रुन्नीसैदपुर में 446 के विरुद्ध 138, मध्य विद्यालय बछारपुर उर्दू, पुपरी में 672 के विरुद्ध 197, प्राथमिक विद्यालय, गणेशपुर बभंगामा, रीगा में 104 के विरुद्ध 42, मध्य विद्यालय मोहिनी मंडल सुप्पी में 738 के विरुद्ध मात्र 241,जबकि मध्य विद्यालय, पिपराही, सुरसंड में 401 के विरुद्ध 64 तथा मध्य विद्यालय, सुरसंड दक्षिणी में 118 नामांकित विद्यार्थियों के मुकाबले केवल 54 विद्यार्थी उपस्थित पाए गए।

विद्यालयों में विद्यार्थियों की अपेक्षाकृत कम उपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सभी प्रधानाध्यापकों से नामांकित विद्यार्थियों की तुलना में कम उपस्थिति के कारणों के संबंध में प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कदम उठाने को कहा गया ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button