
सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों के निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत 21 से 23 अगस्त तक
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । माननीय प्रभारी जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विकास गोस्वामी के निर्देशानुसार सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण औरैया श्रीमती रोमा गुप्ता ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों के सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण के लिए “समाधान समारोह-2026” के अंतर्गत विशेष लोक अदालत अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में औरैया में प्री-सिटिंग आयोजित कर पक्षकारों को अभियान की जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि भारत के मुख्य न्यायाधीश के निर्देशन में देशभर में सर्वोच्च न्यायालय में लंबित लगभग 45 हजार मामलों के आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। इसके तहत 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन होगा, जिसमें ऐसे मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी जिनमें समझौते की संभावना है।
श्रीमती रोमा गुप्ता ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल मामलों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि पक्षकारों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखते हुए त्वरित, सस्ता और सुलभ न्याय उपलब्ध कराना भी है। इससे लोगों को वर्षों तक न्यायालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा समय और धन दोनों की बचत होगी।
उन्होंने बताया कि विशेष लोक अदालत में शामिल होने के इच्छुक पक्षकारों को सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध गूगल फॉर्म भरना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, औरैया कार्यालय अथवा समाधान समारोह के लिए स्थापित वन स्टॉप (वार रूम) से संपर्क किया जा सकता है।


