
एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने इटावा में कानून-व्यवस्था की समीक्षा की, भ्रष्टाचार व अपराध पर जीरो टॉलरेंस के दिए निर्देश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, अनुपम कुलश्रेष्ठ (आईपीएस) ने शनिवार को इटावा जनपद का भ्रमण कर कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा एवं आधुनिक पुलिसिंग की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने जनसंतुष्टि, भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस और तकनीक आधारित प्रभावी पुलिसिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान एडीजी ने पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के साथ रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों, प्रतिष्ठित नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद किया। बैठक में महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, साइबर अपराध, जनसमस्याओं एवं पुलिस व्यवस्था से जुड़े सुझावों पर चर्चा हुई। एडीजी ने संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जनसुनवाई और जनसंतुष्टि ही पुलिसिंग की वास्तविक कसौटी है तथा प्रत्येक नागरिक को सम्मानजनक व्यवहार और त्वरित न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के प्रति पूर्णतः जीरो टॉलरेंस अपनाया जाएगा और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
इसके बाद एडीजी ने पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालय तथा थाना सिविल लाइन का निरीक्षण किया। समीक्षा के दौरान अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों के निस्तारण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण और अभियोजन की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग के माध्यम से स्मार्ट एवं उत्तरदायी पुलिसिंग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
एडीजी ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा को वर्तमान समय की तीन प्रमुख चुनौतियां बताते हुए मिशन शक्ति केंद्रों को अधिक प्रभावी बनाने, साइबर जागरूकता अभियान चलाने तथा ट्रैफिक प्रबंधन के 4E मॉडल (Engineering, Enforcement, Education एवं Emergency Response) के आधार पर समन्वित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

थाना सिविल लाइन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, भोजनालय, बैरक एवं अभिलेखों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर थाना परिसर में स्थापित सीसीटीएनएस 2.0 कक्ष का उद्घाटन किया तथा ग्राम स्तर पर पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से 10 ग्राम चौकीदारों को साफा एवं छाता वितरित कर सम्मानित किया।
भ्रमण के अंत में एडीजी ने इटावा पुलिस की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक, पारदर्शिता और जनविश्वास आधारित पुलिसिंग को और सशक्त बनाया जाए, ताकि आमजन को बेहतर सुरक्षा, सुविधा और न्याय उपलब्ध हो सके।


