वृद्धावस्था पेंशन बंद होने की खबर भ्रामक, लाभार्थी को नियमित मिल रही है राशि: समाज कल्याण विभाग
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, जिला समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल ने स्पष्ट किया है कि ग्राम सैदपुर, पंचायत डूंगरी, ब्लॉक बढ़पुरा निवासी देवलाल द्वारा पिछले पांच माह से वृद्धावस्था पेंशन न मिलने संबंधी समाचार विभिन्न समाचार पत्रों एवं टीवी चैनलों में प्रकाशित और प्रसारित किया गया था। इस मामले का जिलाधिकारी के निर्देश पर तत्काल सत्यापन कराया गया।
विभागीय जांच में पाया गया कि लाभार्थी की वृद्धावस्था पेंशन किसी भी स्तर पर रोकी नहीं गई है। पीएफएमएस (PFMS) पोर्टल के अनुसार पेंशन की सभी किश्तें नियमित रूप से उनके बैंक खाते में सफलतापूर्वक भेजी गई हैं। विभाग के अनुसार 9 जनवरी 2026 और 28 फरवरी 2026 को 3-3 हजार रुपये तथा इससे पूर्व 16 जुलाई और 14 अक्टूबर 2025 को भी 3-3 हजार रुपये की पेंशन राशि का सफल भुगतान किया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि वर्ष 2026-27 के सत्यापन के दौरान पेंशन अभिलेख में दर्ज पते पर लाभार्थी के निवास न मिलने से भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई, जिसके कारण उन्हें मृतक के रूप में अंकित कर दिया गया था। हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया कि इस त्रुटि का पेंशन भुगतान पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा और लाभार्थी को सभी देय किश्तों का नियमित भुगतान मिलता रहा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने कहा कि भ्रामक समाचार के कारण विभाग की छवि प्रभावित हुई है। इसलिए विभिन्न समाचार माध्यमों से इस खबर का खंडन प्रकाशित करने का अनुरोध किया गया है, ताकि आमजन तक सही जानकारी पहुंच सके।

