इटावा: पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवाओं को मिलेगा निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण, 10 जुलाई तक करें आवेदन
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान; इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रदीप कुमार तिवारी ने बताया कि पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगारपरक कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में भारत सरकार की संस्था नीलिट (राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान) से मान्यता प्राप्त संस्थानों के माध्यम से ‘ओ-लेवल’ एवं ‘सीसीसी’ पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ उन्हीं अभ्यर्थियों को मिलेगा, जिन्होंने न्यूनतम इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया हो तथा जिनके माता-पिता अथवा अभिभावक की सभी स्रोतों से वार्षिक आय एक लाख रुपये तक हो। इच्छुक अभ्यर्थी 10 जुलाई 2026 तक योजना के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की हस्ताक्षरित हार्ड कॉपी आवश्यक अभिलेखों सहित 10 जुलाई 2026, शाम 5 बजे तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, इटावा के कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों का चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपदीय समिति द्वारा किया जाएगा।
योजना से संबंधित पात्रता, दिशा-निर्देश, समय-सारिणी एवं आवेदन प्रक्रिया विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट का अवलोकन कर सकते हैं।

