
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, औरैया द्वारा वृद्धजनों के अधिकारों एवं नालसा योजनाओं के संबंध में वृद्धाश्रम आनेपुर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम एवं किया गया निरीक्षण।
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया : प्रभारी जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, औरैया के निर्देशानुसार वृद्धाश्रम, आनेपुर, औरैया का निरीक्षण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, औरैया की सचिव श्रीमती रोमा गुप्ता द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, स्वास्थ्य, भोजन, आवास तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की गई तथा संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। सचिव ने वृद्धजनों का कुशलक्षेम पूछते हुए उन्हें हर संभव विधिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर वृद्धाश्रम परिसर में एक विधिक जागरूकता शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित वृद्धजनों को वृद्धजनों के संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों, भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, निःशुल्क विधिक सहायता की पात्रता तथा NALSA (Legal Services to Senior Citizens) Scheme के साथ-साथ NALSA JAGRITI सहित विभिन्न नालसा योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही उन्हें साइबर अपराध से बचाव, महिला एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, हेल्पनाइन सेवाओं तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में भी जागरूक किया गया। शिविर के दौरान उपस्थित वृद्धजनों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा आवश्यक विधिक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम में वृद्धा आश्रम के मैनेजर नरेन्द्र पाल, चीफ एलएडीसीएस जितेन्द्र तोमर के साथ कार्यालय प्रभारी दिलीप कुमार एवं पैरालीगल वालंटियर लालता प्रसाद, श्रीमती किरन, रमन लाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, औरैया द्वारा समय-समय पर ऐसे निरीक्षण एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक न्याय एवं निःशुल्क विधिक सहायता की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है।
