
उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने की यूपी आम महोत्सव-2026 की तैयारियों की समीक्षा
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को दिए निर्देश, 3 जुलाई से लखनऊ में होगा आयोजन
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:लखनऊ, उत्तर प्रदेश
प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 3 जुलाई से 5 जुलाई तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित होने वाले महोत्सव की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं ताकि किसानों, बागवानों, निर्यातकों एवं उद्यमियों को बेहतर मंच उपलब्ध हो सके।
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि महोत्सव में स्टाल प्रगतिशील बागवानी क्षेत्र में हो रहे नवोन्मुखी विषय के अंतर्गत लगाई जाएं ताकि आम उत्पादन से जुड़ी नवीनतम तकनीकों, शोध और नवाचारों की जानकारी किसानों को मिल सके। उन्होंने निर्देश दिए कि महोत्सव में आने वाले किसानों और प्रतिभागियों को समुचित व्यवस्थाओं का लाभ दिया जाए। पेयजल, छाया, पंजीकरण, जानकारी एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि किसी को असुविधा न हो।
समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी आम उत्पादक राज्य है। यूपी निरंतर आम की विभिन्न किस्मों का उत्पादन कर देश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने निर्देश दिए कि महोत्सव में आम की सैकड़ों विशिष्ट एवं दुर्लभ प्रजातियों के प्रदर्शन के साथ दशहरी, लंगड़ा, चौसा, आम्रपाली, रटौल, लखनऊ सफेदा सहित अनेक प्रसिद्ध एवं रंगीन किस्मों को प्रमुखता दी जाए। आम आधारित प्रसंस्कृत उत्पादों, मूल्य संवर्धन तकनीकों तथा निर्यात संभावनाओं के प्रदर्शन की भी समुचित व्यवस्था की जाए।
मंत्री सिंह ने कहा कि महोत्सव के अंतर्गत पांच क्लास में आम की विभिन्न प्रजातियां, आम आधारित संरक्षित उत्पाद, आम पकवान, सर्वश्रेष्ठ प्रदर्श एवं सर्वाधिक प्रदर्श प्रदर्शनकर्ता बागवान आदि की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। किसानों को आधुनिक उत्पादन तकनीक, तुड़ाई उपरांत प्रबंधन, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग, विपणन एवं निर्यात संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न कार्यशालाओं और तकनीकी सत्रों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। उत्कृष्ट आम उत्पादकों एवं बागवानों को सम्मानित करने की भी व्यवस्था की जाएं।
समीक्षा बैठक में निदेशक भानु प्रकाश राम, वित्त नियंत्रक संजय कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक सर्वेश कुमार व राजीव सिंह सहित मंडलीय अधिकारियों एवं जिला उद्यान अधिकारियों ने वर्चुअल प्रतिभाग किया।

