
जिलाधिकारी ने आवासीय बालिका विद्यालय निर्माण हेतु प्रस्तावित भूमि का किया स्थलीय निरीक्षण।
रिपोर्ट:विशाल समाचार
स्थान:औरैया, उत्तर प्रदेश
जनपद में छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित आवासीय सुविधा एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रस्तावित आवासीय बालिका विद्यालय के निर्माण हेतु तहसील औरैया के विकास खंड भाग्यनगर अंतर्गत ग्राम महराजपुर बहादुर सिंह स्थित राजकीय भूमि गाटा संख्या-77, रकबा 6.3740 हेक्टेयर का जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भूमि की उपलब्धता, भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग, समतलता तथा विद्यालय निर्माण की दृष्टि से उसकी उपयुक्तता का विस्तृत परीक्षण किया गया। निरीक्षण में उक्त भूमि आवासीय बालिका विद्यालय के निर्माण हेतु उपयुक्त पाई गई। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों ने बताया कि भूमि का क्षेत्रफल एवं स्थान प्रस्तावित परियोजना की आवश्यकताओं के अनुरूप है तथा भविष्य में विद्यालय परिसर के समुचित विकास की पर्याप्त संभावनाएं भी उपलब्ध हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित को निर्देशित किया है कि उक्त भूमि के संबंध में नियमानुसार प्रस्ताव शीघ्र तैयार करते हुए आवश्यक राजस्व अभिलेखों का परीक्षण पूर्ण किया जाए तथा भूमि का सीमांकन एवं चिन्हांकन प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। इस क्रम में तहसीलदार औरैया को निर्देश दिए गए हैं कि राजस्व विभाग की समस्त औपचारिकताएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करते हुए भूमि का प्रस्ताव सक्षम स्तर पर प्रेषित किया जाए, जिससे परियोजना की आगामी कार्यवाही में किसी प्रकार का विलंब न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार बालिकाओं की शिक्षा एवं उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आवासीय बालिका विद्यालय की स्थापना से जनपद की छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित आवासीय वातावरण तथा आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं के लिए उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्राप्त करना अधिक सुलभ होगा।
जिला प्रशासन जनहित से जुड़ी सभी विकास परियोजनाओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूर्ण कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर तहसीलदार सदर प्रकाश चौधरी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



