
आयुष मंत्री की अध्यक्षता में आयुर्वेद कालेज की बैठक संपन्न
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान :रीवा मध्य प्रदेश
रीवा : शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय की सामान्य सभा की बैठक कालेज के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा तथा आयुष मंत्री श्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि सामान्य सभा की बैठक समय पर आयोजित करें। स्वशासी महाविद्यालय का वित्तीय प्रबंधन और प्रशासनिक प्रबंधन शासन के मापदण्डों के अनुसार करें। वर्ष 2026-27 में विभिन्न मदों में व्ययक की जाने वाली राशि के प्रस्ताव पहले कार्यकारिणी समिति से अनुमोदन कराने के बाद सामान्य सभा में प्रस्तुत करें।
मंत्री श्री परमार ने कहा कि विन्ध्य में आयुष औषधियों का भण्डार है। आयुर्वेद कालेज और अस्पताल को निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर करें। नए कालेज भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजें। वर्तमान में जारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। कालेज के विकास से जुड़े प्रस्ताव तैयार करते समय उसमें सभी प्रावधानों को शामिल करें। कालेज के रिक्त पदों की पूर्ति की जाएगी। बैठक में कालेज के प्राचार्य दीपक कुलश्रेष्ठ ने बताया कि कालेज की स्थापना 1973 में की गई थी। इसका संचालन स्वशासी रूप में किया जा रहा है। इसमें प्रतिदिन लगभग दो सौ बाह्य रोगियों का उपचार किया जाता है। भारत सरकार से अनुदान प्राप्त दो रिसर्च प्रोजेक्ट वर्तमान में जारी हैं। कालेज में चार पीजी कोर्स शुरू करने तथा पीएचडी के लिए प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। बैठक में सांसद श्री जनार्दन मिश्र, विधायक सिरमौर श्री दिव्यराज सिंह, विधायक मनगवां श्री नरेन्द्र प्रजापति, विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता तथा सामान्य सभा के सदस्य उपस्थित रहे।



