
पुलिस लाइन में वामा वेलनेस मेडिकल कैंप का आयोजन, 167 पुलिसकर्मियों व परिजनों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया,उत्तर प्रदेश
औरैया। रिजर्व पुलिस लाइन औरैया में रविवार को वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में वामा वेलनेस मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में होम्योपैथिक, एलोपैथिक एवं टाटा 1एमजी स्वास्थ्य परीक्षण कैंप के माध्यम से पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर में चिकित्सकों की टीम ने मरीजों को निशुल्क परामर्श एवं औषधियां प्रदान कीं। वहीं एलोपैथिक शिविर में ऑर्थो सर्जन, नेत्र रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन तथा महिला रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयों का वितरण किया।
इसके अलावा टाटा 1एमजी, कानपुर नगर से आई टीम ने विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं परीक्षण किए। शिविर के दौरान कुल 167 पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया।



