
इटावा में डीएम की सख्ती: जीरो पॉवर्टी अभियान, आयुष्मान कार्ड और मक्का खरीद में लापरवाही पर दिए कड़े निर्देश
समीक्षा बैठक में स्वच्छ भारत मिशन, प्राकृतिक खेती, गोशाला प्रबंधन और संचारी रोग नियंत्रण अभियान की प्रगति भी परखी गई।
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में स्वच्छ भारत मिशन, जीरो पॉवर्टी अभियान, वीबीजी-रामजी, आईजीआरएस, गोशाला प्रबंधन, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, आयुष्मान भारत योजना तथा प्राकृतिक खेती की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत चिन्हित सबसे निर्धन एवं वंचित परिवारों को सभी पात्र सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, दिव्यांग एवं वृद्धावस्था पेंशन सहित श्रम विभाग की योजनाओं के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने जीरो पॉवर्टी अभियान के अंतर्गत युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर देते हुए प्रत्येक विकासखंड में विशेष शिविर आयोजित करने और प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही बालिकाओं को पैरामेडिकल एवं अन्य रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों और विद्यालयों में व्यापक साफ-सफाई, नालियों की नियमित सफाई तथा जलभराव की समस्या के प्रभावी समाधान के निर्देश दिए, ताकि मच्छरजनित रोगों की रोकथाम सुनिश्चित हो सके।
वीबीजी-रामजी योजना की समीक्षा में उन्होंने मनरेगा के तहत बढ़ी हुई रोजगार अवधि एवं मजदूरी की जानकारी देते हुए बागवानी, कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन और कौशल विकास गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा ग्राम प्रधानों एवं संबंधित कार्मिकों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित 40 गांवों में निर्धारित मानकों के अनुसार विकास कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराने पर जोर दिया गया।
आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा में जिलाधिकारी ने 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सोमवार से प्रत्येक पंचायत भवन पर विशेष अभियान चलाकर पंचायत सहायकों, आशा एवं एएनएम के माध्यम से पात्र लाभार्थियों के कार्ड बनाने तथा खंड विकास अधिकारियों को नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
मक्का खरीद की समीक्षा में जिलाधिकारी ने अब तक एक भी किसान से खरीद न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने किसानों के सत्यापन में देरी पर संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब करते हुए तत्काल सत्यापन पूरा कर मक्का खरीद शुरू कराने के निर्देश दिए।
पशुपालन विभाग की समीक्षा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के पशुओं का प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण, गोशालाओं में भूसा एवं हरे चारे की पर्याप्त व्यवस्था तथा निराश्रित गोवंशों को गोशालाओं में संरक्षित करने के निर्देश दिए गए।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सभी गोशालाओं में जीवामृत एवं घनजीवामृत तैयार कराने, गोमूत्र संग्रह की व्यवस्था विकसित करने तथा अधिक से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने पर भी बल दिया गया।
आईजीआरएस की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप कृषि निदेशक सतीश कुमार पांडेय, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



