प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान से देश को आजादी मिली है – उप मुख्यमंत्री 

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान से देश को आजादी मिली है – उप मुख्यमंत्री 

उप मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के सम्मेलन का किया शुभारंभ 

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान रीवा मध्य प्रदेश 

 

रीवा . उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी परिवार संगठन के सम्मेलन का शुभारंभ किया। कृष्णा राजकपूर आडिटोरियम में आयोजित सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान से देश को आजादी मिली है। लाखों देशभक्तों ने भारत माता को परतंत्रता की बेड़ी से मुक्त कराने के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया है। तुर्क, मुगल, डच, पुर्तगाली और अंग्रेज भारत की समृद्धि और संपदा को लूटने तथा राजनैतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से गुलाम बनाने के लिए आए थे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अनगिनत यातनाएं सहकर हमें गुलामी से मुक्त कराया। उनके परिवारजनों को सम्मानित करके हम सबको गौरव का अनुभव हो रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने 2047 तक देश को विश्वगुरू बनाने का संकल्प लिया है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी देश को स्वतंत्र कराने के बाद जिस चहुंमुखी प्रगति का सपना देख रहे थे उसे प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में पूरा किया जा रहा है। भारत तेजी से प्रगति करता हुआ ग्यारहवें स्थान से विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। यह 2047 तक विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। स्वामी विवेकानंद जी ने 1893 में ही भविष्यवाणी की थी कि 21वीं सदी भारत की होगी। देश और प्रदेश में तेजी से किए जा रहे विकास के कार्य और निरंतर प्रगति इस भविष्यवाणी को सच करने का प्रयास कर रहे हैं। जल जीवन मिशन से हर गांव के हर घर में स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा रहा है। गौपालन और प्राकृतिक खेती को अपनाकर हम आमजनों को विषमुक्त अनाज देने के लिए तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं। गरीबों को पानी, बिजली, नि:शुल्क अनाज, उपचार की सुविधा और पक्के मकान जैसे लाभ देकर सबका उत्थान किया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के कार्यों को नगरों के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्शित किया जाएगा जिससे नई पीढ़ी उनके त्याग और बलिदान से परिचित हो सके। सम्मेलन में संगठन के राष्ट्रीय महासचिव श्री जितेन्द्र रघुवंशी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके परिवारजनों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भटकना पड़ रहा है। नई पीढ़ी को आजादी की लड़ाई के इन वीरों की गाथा से परिचित कराने का प्रयास होना चाहिए। उन्होंने सभी जिला मुख्यालयों में संगठन के लिए भवन निर्माण, परिवारजनों को सम्मानिधि का लाभ तथा संसद में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार से दो सदस्यों के नामांकन की मांग रखी। सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री भैया बहादुर सिंह को स्मृति चिन्ह और शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित किया। उप मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के सदस्यों को भी सम्मानित किया। सम्मेलन में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष आलोक चन्द्रसूर्या, संगठन सचिव कपूर सिंह दलाल, परमजीत सिंह, राजा भैया मिश्रा, डॉ. ज्योति सिंह, डॉ. पद्मावती पाण्डेय, श्री प्रसन्न सिंह, श्रीमती ममता पाण्डेय तथा बड़ी संख्या में संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button