
कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का किया निराकरण
किसी ने भू माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने तो किसी ने अतिथि शिक्षक का मानदेय भुगतान करने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया
कमिश्नर ने सभी प्राप्त शिकायतों का परीक्षण कर शिकायत निवारण के दिए निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . आम जनों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए प्रति मंगलवार को जनसुनवाई का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, आज मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में रीवा संभाग कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह ने विभिन्न आवेदकों से प्राप्त शिकायत एवं समस्याओं का निराकरण किया।
ग्राम धानी जिला सिंगरौली की रोहिणी भूर्तियां ने भू माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने एवं अवैध रेत भंडारण पर प्रभावी कार्रवाई करने के संबंध में कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया। कमिश्नर ने कलेक्टर सिंगरौली को आवेदन कर्ता के प्रकरण की जांच व परीक्षण कर उचित कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया। प्राथमिक शाला चोराबारी के अतिथि शिक्षक विवेक प्रजापति ने गत माह सितंबर 2025 से अब तक कराए गए अध्यापन कार्य का मानदेय भुगतान न होने के संबंध में शिकायती आवेदन प्रस्तुत किया। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा को आवेदन का परीक्षण कर मानदेय भुगतान करने के निर्देश दिए, ग्राम चाकघाट की लल्ली देवी ने अपने मकान से अवैध कब्जा हटाने से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। कमिश्नर ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण के उचित निराकरण के निर्देश दिए। इसी तरह ग्राम पटेहरा तहसील मनगंवा के श्री मोतीलाल शर्मा ने बताया कि गांव की जमीन पर पांच भाइयों को बराबर हिस्सा पटवारी द्वारा प्रदान किया गया था किंतु आज एक भाई द्वारा ही जमीन का लाभ लिया जा रहा है और अन्य भाइयों को अब तक जमीन का कब्जा नहीं मिला है, कमिश्नर ने तहसीलदार को प्रकरण की जांच कर प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दिए, ग्राम भिटवा तहसील हुजूर की श्रीमती राम सिया विश्वकर्मा ने अपने घर को वर्षा एवं डूब से बचाने का अनुरोध किया एवं बताया कि पड़ोसी द्वारा की गई मेढ बंधान के कारण उक्त स्थिति निर्मित हो रही है, कमिश्नर ने संबंधित अधिकारी को मौके पर जाकर परीक्षण कर उचित निराकरण करने के निर्देश दिए।
ग्राम पीहरिया की मीना सिंह ने जमीन के सीमांकन के बाद नक्शे में एवं खसरे में अंतर आने और एकरूपता नहीं रहने तथा बरसात में घर में पानी भर जाने संबंधी शिकायती आवेदन प्रस्तुत किया, वही ग्राम तेंदुआ कोठार के मिथिलेश कुमार ने नहर में अधिग्रहित आराजी का भू अर्जन मुआवजा राशि अभी तक प्राप्त न होने संबंधी शिकायती आवेदन प्रस्तुत किया। कमिश्नर ने सभी आवेदन कर्ताओं को आशवस्त किया कि प्राप्त सभी आवेदनों का परीक्षण कर यथा संभव सभी की शिकायतों एवं समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।

