‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर स्कूली विद्यार्थियों के लिए समूहगान प्रतियोगिता
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
पुणे। नागरिक सोशल फाउंडेशन के मूल्य शिक्षा विभाग की ओर से ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने तथा 9 अगस्त ‘क्रांति दिवस’ के अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों के लिए ‘संपूर्ण वंदे मातरम् समूहगान प्रतियोगिता’ आयोजित की जाएगी। संस्था की शीतल गोडबोले ने पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना तथा नई पीढ़ी को संपूर्ण ‘वंदे मातरम्’ गीत से परिचित कराना है। इस अवसर पर संस्था के ट्रस्टी अमेय सप्रे भी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता 9 अगस्त (रविवार) को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक डी.ई.एस. इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित होगी। इसमें कक्षा 1 से 4 तथा कक्षा 5 से 7 तक के विद्यार्थियों के लिए दो वर्ग बनाए गए हैं। प्रत्येक टीम में 10 छात्र-गायक होंगे। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए 5 से 10 प्रतिभागियों का अलग वर्ग रखा गया है, जिसका मूल्यांकन अलग मानकों के आधार पर किया जाएगा।
प्रतियोगिता में पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक विद्यालय नागरिक सोशल फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय, तृतीय तथा तीन सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा तथा प्रतियोगिता के तुरंत बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा।
आयोजकों ने अधिक से अधिक विद्यालयों से इस राष्ट्रभक्ति से जुड़े आयोजन में भाग लेने की अपील की है। प्रतियोगिता के लिए नाममात्र का प्रवेश शुल्क रखा गया है। अधिक जानकारी के लिए 9422000469 एवं 7798982021 पर संपर्क किया जा सकता है।

