
सीतामढ़ी में बाल श्रम उन्मूलन को लेकर जिला टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित
विमुक्त बाल श्रमिकों को विद्यालय से जोड़ना बाल हित में सबसे महत्वपूर्ण : डीएम रिची पाण्डेय
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी। बाल श्रम उन्मूलन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विमुक्त बच्चों के समग्र पुनर्वास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला टास्क फोर्स की बैठक समाहरणालय स्थित विमर्श कक्ष में जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि बाल श्रम से विमुक्त बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि सभी विमुक्त बच्चों का शत-प्रतिशत विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित किया जाए तथा उनकी नियमित उपस्थिति की सतत निगरानी की जाए, ताकि कोई भी बच्चा पुनः बाल श्रम की ओर न लौटे। डीएम ने सभी प्रखंड मुख्यालय एवं ईंट-भट्ठों में विशेष अभियान चलाकर बाल श्रमिकों की पहचान एवं विमुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विमुक्त बच्चे का सामाजिक जाँच प्रतिवेदन के आधार पर एंटाइटलमेंट कार्ड बनाया जाए तथा बच्चों एवं उनके परिवारों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित किया जाए। उन्होंने जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) को सभी विमुक्त बाल श्रमिकों का नियमित फॉलो-अप करवाने का निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों के पुनर्वास, शिक्षा एवं सुरक्षा की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि जिले के प्रत्येक प्रखंड से कम-से-कम तीन पंचायतों को “बाल श्रम मुक्त पंचायत” के रूप में विकसित किया जाएगा। बैठक में श्रम संसाधन, शिक्षा, समाज कल्याण, पंचायती राज, पुलिस, स्वास्थ्य, जिला बाल संरक्षण इकाई तथा अन्य संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि बाल श्रम उन्मूलन केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी विभागों, संस्थाओं एवं समाज की सामूहिक भागीदारी से ही इस लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं सहयोगी संस्थाओं से समन्वित प्रयास करते हुए बाल श्रम मुक्त सीतामढ़ी के लक्ष्य को साकार करने का आह्वान किया। बैठक में उप विकास आयुक्त संदीप कुमार, श्रम अधीक्षक रमाकांत, जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र मणि त्रिपाठी, जिला कल्याण पदाधिकारी सुभाष चन्द्र राजकुमार, सहायक निदेशक बाल संरक्षण इकाई लाल कृष्ण राय, सीपीओ गोविन्द राम, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधियों सहित प्रथम संस्था के जिला समन्वयक सुधीर कुमार, पिरामल फाउंडेशन के अभिषेक राज, एलपीओ ओम प्रकाश पाण्डेय, निर्देश संस्था के मनीष कुमार, चाइल्डलाइन की वंदना कुमारी, बीबीए की साक्षी कुमारी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी पंकज कुमार, सुधांशु कुमार, लिपिक निशांत प्रेम, शिक्षा विभाग के संभाग प्रभारी राजीव रौशन, बीरेंद्र कुमार, मंतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

