
इटावा में डीबीटी कैशलेस जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, 9,812 शिक्षक एवं कर्मचारी परिवारों को मिलेगा लाभ
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा,। विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में बुधवार को प्रदेश के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग के डीबीटी कैशलेस जागरूकता एवं डीबीटी वेरिफिकेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने देखा और सुना। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों, शिक्षामित्रों, रसोइयों, अनुदेशकों एवं अन्य संविदा कर्मियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत इटावा जनपद के 9,812 परिवारों को लाभ मिलेगा। इनमें 4,929 शिक्षक परिवार, 3,450 रसोइया परिवार, 1,286 शिक्षामित्र परिवार, 102 अनुदेशक परिवार, 28 विशेष शिक्षक परिवार तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के 17 शिक्षकों के परिवार शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। योजना का लगभग 3,000 रुपये वार्षिक प्रीमियम प्रदेश सरकार वहन करेगी। लाभार्थियों के माता-पिता, 25 वर्ष तक अथवा रोजगार मिलने तक पुत्र, विवाह अथवा रोजगार तक पुत्री तथा 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांग बच्चों को आजीवन सुरक्षा का लाभ मिलेगा।
सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुरक्षा योजना सरकार का दूरदर्शी और सराहनीय निर्णय है। शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि संस्कार भी प्रदान करते हैं और विकसित भारत के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बताया कि योजना के तहत पात्र शिक्षकों एवं कर्मचारियों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, बेसिक शिक्षा विभाग और भारतीय स्टेट बैंक के बीच हुए समझौते के तहत एसबीआई में वेतन खाता खुलवाने पर 1 करोड़ रुपये तक का अतिरिक्त दुर्घटना बीमा कवर भी मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री एवं सदर विधायक ने लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य सचिन यादव, भाजपा महामंत्री सतेंद्र राजपूत, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

