उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का भव्य शुभारंभ, शिक्षकों को वितरित किए गए कैशलेस चिकित्सा कार्ड, शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को मिलेगी कैशलेस उपचार की सुविधा

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का भव्य शुभारंभ, शिक्षकों को वितरित किए गए कैशलेस चिकित्सा कार्ड, शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को मिलेगी कैशलेस उपचार की सुविधा

 

मुख्यमंत्री के संबोधन का हुआ सजीव प्रसारण, जनपद स्तर पर 20 तथा प्रत्येक तहसील में 20-20 पात्र लाभार्थियों को वितरित किए गए चिकित्सा कार्ड।

 

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश 

 

 

*औरैया 08 जुलाई 2026-* प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के कार्मिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रारंभ की गयी महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा वाराणसी से किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के समानांतर जनपद में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में भव्य जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मा0 अध्यक्ष उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड कानपुर राकेश गर्ग ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ वाराणसी से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के साथ हुआ। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने वर्चुअल माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री जी का संबोधन सुना तथा योजना के उद्देश्यों, लाभों एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

मा0 अध्यक्ष उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड, कानपुर राकेश गर्ग ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग से जुड़े प्रत्येक कार्मिक के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं और उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों एवं उनके आश्रित परिवारजनों को गुणवत्तापूर्ण एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि जब शिक्षक स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं से मुक्त होंगे, तभी वे और अधिक समर्पण एवं ऊर्जा के साथ भावी पीढ़ी के निर्माण में अपना योगदान दे सकेंगे।

मा0 सदर विधायका गुड़िया कठेरिया ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना सरकार की संवेदनशील एवं जनकल्याणकारी सोच का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं, इसलिए उनका स्वस्थ एवं सुरक्षित रहना अत्यंत आवश्यक है। यह योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को आकस्मिक परिस्थितियों में बेहतर, समयबद्ध एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगी, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि जनपद प्रशासन योजना के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र शिक्षकों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय में योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए तथा कोई भी पात्र व्यक्ति इस महत्वपूर्ण योजना से वंचित न रहे। उन्होंने शिक्षकों से अपील की, कि वह योजना का अधिकाधिक लाभ उठाते हुए अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें तथा शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।

कार्यक्रम के अन्त में जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने सभी आगन्तुक गणमान्य नागरिकों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए लागू की गयी योजना है जिसके द्वारा शिक्षकों को बिना किसी परेशानी के उपचार का लाभ शासकीय चिकित्सालयोें के अतिरिक्त चिन्हित किये गये प्राइवेट अस्पतालों में भी मिलेगा। उन्होने कहा बताया कि इस योजना के तहत जनपद के शिक्षा परिवार से संबंधित 4099 शिक्षक, 1315 शिक्षामित्रा, 150 अनुदेशक, 17 स्पेशल एजुकेटर सहित माध्यमिक शिक्षा विभाग के 800 से अधिक कार्मिकों को लाभान्वित किया गया साथ ही जनपद के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षारत 63308 छात्र/छात्राओं को डीबीटी के माध्यम से निःशुल्क यूनीफॉम, जूते,मोजे आदि की धनराशि हस्तान्तरित की गयी।

कार्यक्रम में अधिकारियों द्वारा योजना की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत शिक्षा विभाग के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिवारजनों को सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा प्रदान की जाएगी। इससे गंभीर बीमारियों एवं आकस्मिक चिकित्सा स्थितियों में आर्थिक बोझ कम होगा तथा समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा। योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों के लिए सामाजिक सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण माध्यम सिद्ध होगी।

जनपद स्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ जनपद की तीनों तहसीलों में भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में समानांतर कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी तहसील मुख्यालयों पर मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रदर्शित किया गया तथा प्रत्येक तहसील में 20-20 पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए गए। इस प्रकार पूरे जनपद में योजना का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी , मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रधानाचार्य, शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक, अनुदेशक, अभिभावक आदि उपस्थित रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button