प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्त – कलेक्टर

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्त – कलेक्टर

शत प्रतिशत एएनसी पंजीयन हो सुनिश्चित – कलेक्टर श्री जैन

रिपोर्ट: विशाल समाचार

स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश 

मऊगंज. कलेक्टर संजय कुमार जैन की अध्यक्षता में आज जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सूचकांकों तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर अत्यंत सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि जनता के स्वास्थ्य से जुड़े सभी पहलू आपकी प्राथमिकता में शामिल होने चाहिए।

कलेक्टर ने पोर्टल पर स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों की प्रविष्टि में अनियमितता और लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि जो भी एएनएम पोर्टल पर गलत डेटा अपलोड कर रही हैं तो उन पर कार्रवाई प्रस्तावित करे । उन्होंने कहा कि डेटा की सत्यता और शुद्धता से ही वास्तविक स्थिति का आकलन संभव है, यदि आवश्यक डाटा ही गलत भरे जाएंगे तो हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन सही तरीके से नहीं हो पाएगा। इसलिए आंकड़ों में हेरफेर करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी ब्लॉक मेडिकल अधिकारियों को निर्देशित किया कि, किसी भी सेंटर पर चालू तिमाही में एक भी गर्भवती महिला का एएनसी पंजीयन और जांच नहीं छूटनी चाहिए। प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ एएनसी चेकअप का पूरा डेटा व्यवस्थित और सही तरीके से पोर्टल पर दर्ज किया जाए।

उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान और उनके प्रबंधन पर विशेष जोर देते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ऐसी महिलाओं की शत-प्रतिशत प्री-मार्किंग की जाए। उनकी डिलीवरी किस चिन्हांकित अस्पताल में होनी है, यह पहले से तय हो, ताकि जब आवश्यक हो तो उन्हें बिना किसी देरी के समय पर अस्पताल पहुँचाया जा सके। गंभीर रूप से एनीमिया से पीड़ित महिलाओं की पहचान कर उनका उचित चिकित्सकीय प्रबंधन किया जाए। नवविवाहित महिलाओं को आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से उनकी समग्र आईडी अनिवार्य रूप से बनवाई जाए, ताकि विवाह के बाद क्षेत्र में आईं महिलाओं को समय पर लाभ मिल सके।

बैठक में बाल स्वास्थ्य के अंतर्गत शिशु मृत्यु समीक्षा तथा मातृ मृत्यु समीक्षा की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि टीकाकरण के सभी आंकड़ों को एचएमआईएस से यूविन पोर्टल पर शीघ्रता से दर्ज किया जाए। खसरा और पल्स पोलिया अभियान की तैयारियों को लेकर भी मुस्तैदी बरतने को कहा गया। जिले में संचालित सभी पोषण पुनर्वास केंद्रों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई, जिसमें प्रभारियों को सक्रिय रहकर कुपोषित बच्चों के उपचार और पोषण स्तर में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में टीबी नियंत्रण कार्यक्रम, मलेरिया, कुष्ठ रोग तथा कार्यक्रमों की भी गहन समीक्षा की गई और तय लक्ष्यों को समय सीमा में पूरा करने की चेतावनी दी गई। बैठक में डॉ यत्नेश त्रिपाठी सीएमएचओ रीवा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ के बी गौतम, डॉ सीतेशु तिवारी जिला स्वास्थ्य अधिकारी, बीएमओ डॉ आर के पाठक, डॉ एस डी कोल, डॉ नागेंद्र मिश्रा, जिला कार्यक्रम प्रबधक राघवेंद्र मिश्रा, ऋषि राज गौतम उप जिला मीडिया अधिकारी, आकांक्षा सिंह सीपीएचसी, बीपीएम, बीसीएम, बीईई, आदि उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button