
आगामी 12 जुलाई को होने वाले वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान 2026 की तैयारियों का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण।
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया :आगामी 12 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले प्रदेशव्यापी वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान 2026 को सफल एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने दिबियापुर रोड स्थित बस स्टैंड परिसर के समीप कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उस स्थल का अवलोकन किया, जहां मा0 जनप्रतिनिधियों द्वारा वृक्षारोपण किया जाना है। उन्होंने पौधरोपण के लिए चिन्हित स्थानों, गड्ढों की खुदाई, पौधों की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था, सुरक्षा उपाय, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, पार्किंग तथा जनप्रतिनिधियों एवं आमजन के बैठने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी सीपी सिंह को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा प्रत्येक व्यवस्था सुव्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण हो। उन्होंने कहा कि लगाए जाने वाले पौधों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा वृक्षारोपण के उपरांत उनकी नियमित सिंचाई, सुरक्षा एवं संरक्षण की समुचित कार्ययोजना भी सुनिश्चित की जाए, ताकि लगाए गए पौधे जीवित रहकर पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य को सार्थक कर सकें। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक पौधे के संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी विभागों को अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत वृक्षारोपण करने तथा उसकी नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन, भूजल संरक्षण तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को इस अभियान से जुडकर अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान 2026 को जनआंदोलन के रूप में संचालित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं वन विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

