
कलेक्टर ने बरगद के नीचे गांव कूड़ी में लगाई चौपाल
कलेक्टर नान एसी बस से अधिकारियों के साथ पहुंचे दूरस्थ गांव कूड़ी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुसार और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन का मौके पर जायजा लेने तथा आम जनता से संवाद करने के लिए कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने दूरस्थ और सीमावर्ती गांव कूड़ी (त्योंथर) में रात में चौपाल लगाई। कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक शाला परिसर में प्रदेश के राज्य चिन्ह बरगद के नीचे रात में चौपाल लगाकर आम जनता की समस्याएं सुनी। कलेक्टर ने कहा कि आम जनता के आवेदन पत्रों का समय सीमा में निराकरण किया जाएगा। मैं आप लोगों की कठिनाइयों को सुनकर दूर करने के लिए आया हूं ।आज सभी अधिकारी मेरे साथ हैं जो विभाग के कार्यो की जानकारी देंगे। शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में यदि किसी तरह की बाधा है तो उसे दूर किया जाएगा। चौपाल में गांव की जागरूक बेटी दिव्या सिंह ने कहा कि इस गांव में आजादी के बाद कोई कलेक्टर पहली बार आया है। यदि अधिकारियों का दौरा होता रहे तो गांव की व्यवस्थाएं बेहतर हो जाएंगी। आम जनता को योजनाओं का लाभ अच्छे से मिलेगा और उनकी कठिनाइयां दूर होंगी।
कलेक्टर ने आम जनता से संवाद करके विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। लोगों ने बताया कि स्कूल में चार शिक्षक पदस्थ हैं। वह नियमित रूप से स्कूल आ रहे हैं। बच्चों ने बताया कि पढ़ाई अच्छी है। कलेक्टर ने दो बच्चों से पहाड़े सुने। शिक्षा की गुणवत्ता ठीक मिली। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्कूल भवन की मरम्मत तत्काल कराने के निर्देश दिए। महिलाओं ने बताया कि गांव में चार आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। जिनमें गर्भवती महिलाओं के लिए यहां टेक होम राशन दिया जाता है ।आंगनबाड़ी केंद्र में ही महिलाओं और बच्चों का टीकाकरण भी किया जाता है। ग्रामवासियों ने चौपाल में बताया कि बिजली की केबल क्षतिग्रस्त होने से बार-बार लाइन फाल्ट होती है। कई घरों में मीटर नहीं लगे हैं। कलेक्टर ने केबिल में तत्काल सुधार करने तथा गांव में ही शिविर लगाकर समय सीमा में मीटर लगाने के निर्देश दिए। सड़क के किनारे झुके खंबे ठीक करने तथा लटके हुए तारों को सुधारने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर को सीमांकन, बटवारा तथा विभाग से संबंधित कई आवेदन पत्र मिले। कलेक्टर ने नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक तथा पटवारी को आवेदन पत्र पर कार्यवाही करने के लिए कड़ी चेतावनी दी।
कलेक्टर ने कहा कि जो लोग छूट गए हैं उन्हें खाद्यान्न की पर्ची तत्काल जारी करें और हर महीने अनाज दें। समाज कल्याण योजनाओं की राशि स्वीकृत हो गई है बजट प्राप्त होते ही सभी को पेंशन उनके खाते में प्राप्त हो जाएगी। गांव की अधूरी नगर योजना का काम पूरा करने पर विशेष ध्यान दें। हैंडपंपों के पानी के शुद्धिकरण की भी व्यवस्था कराएं।
कलेक्टर ने चौपाल के दौरान राजस्व से जुड़े आवेदनो की सुनवाई करते हुए दो आवेदकों के अवैध कब्जे को तत्काल हटाने के निर्देश एसडीएम और तहसीलदार को दिए। चौपाल में 20 लोगों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा चार हितग्राहियों को पेंशन राशि का वितरण किया गया।
चौपाल में एसडीएम त्योंथर राकेश कुमार चौरसिया, उप संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास नयन सिंह, जिला आपूर्ति अधिकारी कमलेश तांडेकर, जनपद के सीईओ प्रवीण बसोड़ तथा जिला और विकासखंड स्तर के अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

