प्रशासनबिहारसीतामढ़ी

रुन्नीसैदपुर पीएचसी का देर शाम औचक निरीक्षण, व्यवस्था में सुधार के दिए निर्देश

रुन्नीसैदपुर पीएचसी का देर शाम औचक निरीक्षण, व्यवस्था में सुधार के दिए निर्देश

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:सीतामढ़ी बिहार 

सीतामढ़ी जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने कल देर शाम रुन्नीसैदपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, दवा वितरण, प्रयोगशाला सेवाओं तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया।

निरीक्षण के क्रम में अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था, मरीजों के साथ व्यवहार, दवा वितरण की प्रक्रिया, लैब जांच की व्यवस्था तथा टीबी जांच एवं उससे संबंधित कार्यों में अपेक्षित स्तर का प्रदर्शन नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि सभी कमियों को तत्काल दूर करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में व्यापक सुधार सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार, आवश्यक दवाएं तथा सम्मानजनक व्यवहार मिलना चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी मुस्तैदी, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ करें, ताकि आम लोगों का सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।

उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखें, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करें, दवा वितरण एवं लैब जांच की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं प्रभावी बनाएं तथा सभी स्वास्थ्य सेवाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हों। साथ ही टीबी मरीजों की पहचान, जांच एवं उपचार से संबंधित कार्यों में भी विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को रुन्नीसैदपुर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों, जांच केंद्रों एवं नर्सिंग होम की सघन जांच करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिना वैध अनुमति के संचालित किसी भी स्वास्थ्य संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण एवं जवाबदेह स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button