वर्ष 2026-27 हेतु पिछड़े वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए ‘ओ’ लेवल एवं ‘सीसीसी’ कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना के ऑनलाइन आवेदन 20 जुलाई तक।
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान;औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, -जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवि शंकर गिरि ने अवगत कराया है कि अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के बेरोजगार युवक एवं युवतियों को रोजगारपरक तकनीकी दक्षता प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित ‘ओ’ लेवल एवं ‘सीसीसी’ कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विभाग द्वारा आवेदन से लेकर प्रशिक्षण प्रारम्भ कराए जाने तक की समय-सारिणी जारी कर दी गई है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत भारत सरकार की अधिकृत संस्था राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (NIELIT) से मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को निःशुल्क ‘ओ’ लेवल एवं ‘सीसीसी’ कम्प्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ केवल इंटरमीडिएट (कक्षा-12) उत्तीर्ण अन्य पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक एवं युवतियों को दिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया प्रारम्भ हो चुकी है तथा आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 20 जुलाई, 2026 तक विभाग के ऑनलाइन पोर्टल bccomputertraining.upsdc.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को अपने शैक्षिक प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार का फोटो एवं अन्य आवश्यक अभिलेख तैयार रखने चाहिए, जिससे आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने जनपद के पात्र अन्य पिछड़ा वर्ग के सभी बेरोजगार युवक एवं युवतियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय से ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि कम्प्यूटर प्रशिक्षण से युवाओं की तकनीकी दक्षता में वृद्धि होगी तथा उन्हें विभिन्न सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।



